Induction Chulha Use Tips
Induction Chulha Use Tips
US-Israel VS Iran Conflict: इजराइल-अमेरिका बनाम ईरान युद्ध के चलते भारत समेत दुनिया के कई देशों में होने वाली गैस और तेल की सप्लाई बाधित हुई है. इसके चलते LPG सिलेंडरों की किल्लत हो गई है. अपने देश में अधिकांश लोग LPG सिलेंडर की जगह इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाने लगे हैं. यदि आप भी इंडक्शन पर खाना बना रही हैं तो इस खबर को जरूर पढ़ लीजिए, नहीं तो अधिक बिजली बिल तो देना पड़ेगा ही साथ ही बिजली विभाग का नोटिस भी आपके पास आ सकता है.
...तो लग सकता है जुर्माना
यदि कोई घर में खाना बनाने के लिए इंडक्शन का इस्तेमाल कर रहा है और साथ में AC, कूलर, पंखा, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों का भी उपयोग कर रहा है तो ऐसे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. दरअसल, सामान्य तौर पर घरों में 1200 से 2000 वॉट का इंडक्शन का इस्तेमाल होता है. यदि AC की बात करें तो घरों में एक टन से लेकर दो टन तक के लगे हैं. एक टन का AC लगभग 1.2 से 1.5 किलोवॉट लोड लेता है.
इंडक्शन भी एक से दो किलोवॉट तक का लोड लेता है. ऐसे में यदि कोई एक साथ AC, इंडक्शन और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों का इस्तेमाल करेगा तो अधिक बिजली खपत होगी. ओवरलोड होने पर बिजली विभाग नोटिस भेज सकता है. इतना ही नहीं वह जुर्माना भी लगा सकता है. बिजली लोड की बात करें तो अधिकांश घरों में एक से दो किलोवॉट तक लोड का कनेक्शन होता है. आपको मालूम हो कि यदि बिजली की खपत घर के बिजली कनेक्शन के लोड के अनुसार है तो घबराने की जरूरत नहीं है.
कौन सा इंडक्शन घर के लिए बेस्ट
इंडक्शन का अधिक इस्तेमाल के चलते इन दिनों मार्केट में इसकी खपत काफी बढ़ गई है. घरों में लोग गैस सिलेंडर की जगह इंडक्शन पर खाना बनाने लगे हैं. कुछ रेस्टोरेंट और दुकानदार भी इंडक्शन का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कौन सा इंडक्शन घर के लिए सबसे बेस्ट है.
जानकारों के मुताबिक घरेलू इस्तेमाल के लिए 2000 वाट तक का इंडक्शन बेस्ट होता है. इस पर तीन से चार लोगों के लिए आसानी से और जल्दी खाना बन जाता है. यदि आप सिर्फ चाय-नाश्ता बनाने के लिए इंडक्शन खरीदना चाहते हैं तो 1200 से 1800 वॉट तक का इंडक्शन अच्छा रहेगा. आपको मालूम हो कि कम वॉट का इंडक्शन उपयोग करने से बिजली की खपत कम होगी. हालांकि, अधिक वॉट के इंडक्शन पर खाना जल्दी पक जाता है.
ऐसे इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाने पर भी कम आएगा बिजली बिल
1. सही बर्तनों का करें इस्तेमाल: इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाने के लिए सही बर्तनों का इस्तेमाल करना चाहिए. इंडक्शन फ्रेंडली बर्तन पर खाना जल्दी पकता है और बिजली खपत कम होती है. ऐसे में सिर्फ इंडक्शन पर काम करने के लिए बने बर्तनों का उपयोग करें.
2. टाइमर का इस्तेमाल करें: कई इंडक्शन चूल्हे में टाइमर की सेटिंग भी होती है. आप खाना बनाते समय टाइमर का इस्तेमाल करके बिजली बर्बाद होने से बचा सकती हैं. यदि आपको अंदाजा है कि खाना कितनी देर में पक जाएगा तो उसके अनुसार टाइमर सेट कर दें. इससे खाना जलने से भी बचता है और बिजली भी वेस्ट नहीं होती है. यदि आप खाना बनाते समय कोई दूसरा काम भी कर रही हैं तो टाइमर जरूर सेट कर दें. इससे आपके भूलने पर भी इंडक्शन चलता नहीं रहेगा.
3. प्रीसेट मोड का करें इस्तेमाल: अधिकांश इंडक्शन चूल्हों में प्रीसेट मोड मिलते हैं. राइस बनाने से लेकर पानी गर्म करने के लिए अलग से बटन दी गई होती है. कई लोग प्रीसेट मोड का यूज नहीं करते इससे बिजली कंज्यूम ज्यादा होती है. आपको मालूम हो कि प्रीसेट मोड से खाने के लिए एकदम सही हीट पैदा होती है. यह बिजली बचाने में बहुत सहायक हो सकती है.
4. इंडक्शन के एयर वेंट्स ब्लॉक न होनें दें: इंडक्शन पर खाना बनाते समय अधिक बिजली खपत न हो इसके लिए इंडक्शन के एयर वेंट्स ब्लॉक न होने दें. एयर वेंट्स ब्लॉक होने पर ओवरलोड होने लगता है या अंदर मौजूद पंखा ज्यादा पावर खपाने लगता है. इंडक्शन चूल्हे को कभी भी ऐसी जगह पर न रखें, जहां इसके एयर वेंट्स ब्लॉक होने का खतरा रहे.
5. बर्तनों का ढककर बनाएं खाना: इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाते समय बर्तन को ढक दें. इससे खाना जल्दी बनता है और बिजली की भी खपत कम होती है.
6. पावर का करें सही इस्तेमाल: इंडक्शन चूल्हे पर भोजन बनाते समय आप शुरुआत में बर्तन के गर्म होने तक पावर को हाई वोल्टेज पर और बाद में धीमा कर सकती हैं. आपको मालूम हो कि बर्तन एक बार गर्मी पकड़ ले तो खाना उसी रफ्तार से पकता रहता है, जितना कि हाई स्पीड वोल्टेज पर पकता है. आप खाना पकने के पांच मिनट पहले इंडक्शन बंद कर सकती हैं. इस दौरान इंडक्शन और बर्तन में स्टोर गर्मी से खाना पकता रहता है. ऐसा कर आप बिजली बचा सकती हैं.