AI Generated Image
AI Generated Image
आपने कभी न कभी तो मशरूम की सब्जी तो खाई ही होगी. इसलिए यह भी जानते होंगे कि यह स्वाद में कितना शानदार होता है. स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी मशरूम के कई फायदे हैं. लेकिन अक्सर लोगों के साथ होता है कि इन्हें खरीदने के कुछ ही दिनों में ये खराब हो जाते हैं. कभी ये चिपचिपे हो जाते हैं तो कभी इनका रंग बदलने लगता है. ऐसे में गलती मशरूम की नहीं बल्कि आपकी है. आपको इन्हें सही तरीके से धोना और स्टोर करते का तरीका नहीं पता. अब अगली बार से आपके लाए मशरूम लंबे समय तक चलें, इसके लिए आप इन टिप्स को अपनाएं.
बहुत से लोगों को लगता है कि क्योंकि ये ज्यादा सॉफ्ट होते हैं, तो धोने से खराब हो सकते हैं, इसलिए वह धोते नहीं. लेकिन ऐसा सोचना गलत है. दरअसल मशरूम पर मिट्टी या गंदगी लगी हो सकती है, इसलिए इन्हें पकाने से पहले साफ करना जरूरी है. लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि इन्हें लंबे समय तक पानी में भिगोकर न रखें. बेहतर होगा कि हल्के बहते पानी में जल्दी से धो लें या फिर किसी गीले कपड़े से साफ कर लें. जिसके बाद आप टिश्यू से इन्हें पोछ सकते हैं.
खरीदारी में हमेशा ऐसे मशरूम चुनें जो सख्त हों, ताजे दिखें और उन पर ज्यादा दाग या चिपचिपापन न हो. अगर मशरूम पहले से ही नरम या बदबू वाले लग रहे हैं, तो उन्हें खरीदने से बचें क्योंकि वे जल्दी खराब हो सकते हैं.
अगर आप चाहते हैं कि मशरूम कई दिनों तक ताजे रहें, तो उन्हें फ्रिज में पेपर बैग या किचन पेपर में हल्के से लपेटकर रखें. इससे एक्स्ट्रा नमी बाहर निकलती रहती है और मशरूम जल्दी खराब नहीं होते. प्लास्टिक की बंद थैली या एयरटाइट डिब्बे में रखने से नमी जमा हो जाती है, जिससे वे जल्दी चिपचिपे हो सकते हैं.
अगर आप मशरूम को तुरंत इस्तेमाल नहीं करने वाले हैं, तो उन्हें पहले से धोकर फ्रिज में न रखें. पानी की वजह से उनकी उम्र कम हो जाती है और वे जल्दी खराब होने लगते हैं. इसलिए उन्हें तभी धोएं जब पकाने के लिए जा रहे हों.
अगर मशरूम को एक हफ्ते से ज्यादा समय तक रखना है, तो पहले उन्हें हल्का पकाकर या ब्लांच करके ठंडा करें. इसके बाद फ्रीजर में एयरटाइट फ्रीजर बैग में रख दें. जरूरत पड़ने पर इन्हें सीधे सब्जी, सूप या ग्रेवी में इस्तेमाल किया जा सकता है.
थोड़ी-सी सावधानी आपके मशरूम को ज्यादा दिनों तक ताजा रख सकती है. सही तरीके से साफ करने और स्टोर करने की यह आदत न केवल खाने का स्वाद बनाए रखती है, बल्कि खाने की बर्बादी भी कम करती है.