AI Generated Image
AI Generated Image
अगर घर के नल से पानी बहुत धीरे आने लगे, तो रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में कई लोग बिना वजह तुरंत प्लंबर को बुला लेते हैं. जबकि कई बार यह परेशानी बहुत छोटी होती है और इसे कुछ आसान तरीकों से घर पर ही ठीक किया जा सकता है. इन तरीकों से आप प्लंबर पर खर्च होने वाले पैसे भी बच सकते हैं और पानी का प्रेशर भी पहले जैसा कर सकते हैं.
अगर आपके घर की पाइपलाइन पहले से लगी हुई है और उसे बदलना नहीं चाहते, तो एयर बैंड एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसे पाइप के मोड़ वाली जगह पर लगाया जाता है. कई मामलों में इससे पानी का बहाव बेहतर हो जाता है और नल से पानी पहले की तुलना में तेज आने लगता है. यह तरीका आसान भी है और ज्यादा खर्चीला भी नहीं होता.
अगर सिर्फ एयर बैंड से काम नहीं बनता, तो वॉटर प्रेशर बूस्टर पंप का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह एक ऑटोमैटिक मशीन होती है, जिसे पानी की लाइन या ओवरहेड टैंक से जोड़ा जाता है. जैसे ही आप नल खोलते हैं, यह अपने आप चालू हो जाती है और पानी का प्रेशर बढ़ाने में मदद करती है. इससे बाथरूम, किचन और दूसरे नलों में भी पानी का बहाव बेहतर हो सकता है.
पानी का प्रेशर कम होने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं. सबसे आम कारण पाइपलाइन में लीकेज होना है. अगर कहीं से पानी बाहर निकल रहा है, तो नल तक पूरा प्रेशर नहीं पहुंच पाता.
इसके अलावा पाइप के अंदर मिट्टी, कचरा या दूसरी गंदगी जमा होने से भी पानी का रास्ता रुक सकता है. कई बार नल का एरेटर जाम हो जाता है, जिससे पानी कम निकलता है. वहीं अगर घर की पानी की टंकी में पानी का लेवल कम हो, तब भी नल का प्रेशर घट सकता है.
अगर बार-बार पानी का प्रेशर कम हो रहा है और आसान तरीके अपनाने के बाद भी परेशानी लगातार बनी रहती है, तो प्लंबर की मदद लेना सही रहेगा. अगर पानी की मोटर ठीक से काम कर रही है, फिर भी नल से पानी कम आ रहा है, तो पाइपलाइन की जांच जरूरी हो सकती है. इसी तरह अगर पाइप में लीकेज हो या किसी हिस्से में बड़ी खराबी हो, तो खुद ठीक करने की बजाय किसी प्लंबर को बुलाना बेहतर रहेगा.