Onion Cutting Tips
Onion Cutting Tips
रसोई में प्याज का इस्तेमाल तो लगभग हर दिन ही होता है और यह हर सब्जी के स्वाद को बढ़ाने में काम आता है. लेकिन जैसे ही इसे काटने की बात आती है, तो आंखों में जलन और आंसू आना एक आम परेशानी बन जाती है. कई लोग इस वजह से प्याज काटने से बचते हैं या जल्दी-जल्दी यह काम निपटाने की कोशिश करते हैं. जिसमें कई बार चाकू के कारण हाथ कट जाता है. पर कुछ आसान और असरदार घरेलू उपाय अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
दरअसल प्याज काटते समय उसमें मौजूद सल्फर मिले हुए तत्व हवा में मिलकर गैस बनाते हैं. यह गैस आंखों के टच में आते ही जलन और आंसू की वजह बनती है. यही कारण है कि प्याज काटना कई लोगों के लिए बहुत मुश्किल काम बन जाता है. पर अगर सही तरीके अपनाए जाएं तो इस समस्या को कम किया जा सकता है.
तेज चाकू से काम फटाफट
प्याज काटते समय चाकू का तेज होना बेहद जरूरी है. जब चाकू की धार नहीं होती, तो वह प्याज को काटने के बजाय दबाता है, जिससे ज्यादा गैस निकलती है और आंखों में जलन बढ़ जाती है. इसलिए हमेशा तेज धार वाले चाकू का इस्तेमाल करें. साथ ही, प्याज को बीच से काटकर उसका छिलका हटाने से उसकी परतें आसानी से अलग हो जाती हैं और काटना आसान हो जाता है.
देसी जुगाड़ है मोमबत्ती की लौ
किचन में एक जलती हुई मोमबत्ती रखना भी एक कारगर घरेलू उपाय माना जाता है. सुनने में ये अजीब जरूर लगता है, पर काम आ सकता है. ऐसा माना जाता है कि मोमबत्ती की लौ प्याज से निकलने वाली गैस को अपनी ओर खींच लेती है, जिससे आंखों पर उसका असर कम पड़ता है. यह तरीका आसान है और कई लोग इससे राहत महसूस करते हैं.
ठंडा पानी करेगा कमाल
प्याज काटने से पहले उसे कुछ मिनट के लिए ठंडे पानी में भिगोकर रखें. इससे प्याज की तीखी गैस को एक्टिव होने का टाइम नहीं मिल पाता. जिससे आंखों में जलन कम होती है. इसके अलावा, इससे प्याज का छिलका उतारना भी आसान हो जाता है. गर्मियों के मौसम में यह तरीका खासतौर पर ज्यादा फायदेमंद साबित होता है.