scorecardresearch

Organic Fertilizer: आपकी सेहत के साथ-साथ मिलेगी पौधों को भी ग्रोथ.. इस तरह तैयार करें अंडे से खाद, खिल उठेगा किचन गार्डन

अंडा केवल अंदर से ही पोषण से नहीं भरा होता, बल्कि उसका छिलका में भी पोषण होता है. जो पौधों की ग्रोथ के लिए काफी फायदेमंद होता है.

Egg Shell As Fertilizer Egg Shell As Fertilizer

अंडा हमारे शरीर के लिए एक सुपरफूड का काम करता है. इसमें कई विटामिन, मिनरल और सबसे जरूरी प्रोटीन पाया जाता है. यह जितना फायदेमंद हमारे शरीर के लिए है, उतना ही इसका फायदा पौधों को भी मिलता है. इसका छिलका पौंधों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. अक्सर हम अंडे का इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन यही छिलके आपके गार्डन के लिए खाद का काम कर सकते हैं. खास बात यह है कि अंडे के छिलकों में लगभग 95 प्रतिशत कैल्शियम कार्बोनेट पाया जाता है, जो पौधों की मजबूती और बेहतर ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी तत्व है.

अंडे के छिलके में मौजूद कैल्शियम कार्बोनेट मिट्टी की क्वालिटी सुधारने में मदद करता है. यह पौधों की जड़ों को मजबूत बनाता है. इसके रेगुलर इस्तेमाल से पौधे न सिर्फ तेजी से बढ़ते हैं, बल्कि उनमें अधिक फूल और फल भी आते हैं. खासतौर पर किचन गार्डन या घर के गमलों में लगे पौधों के लिए यह एक सस्ता और फायदेमंद उपाय है. लेकिन सवाल उठता है कि आखिर छिलकों को खाद को किस तरह तैयार करें.

जरूरी है बैक्टीरिया हटाना
अंडे के छिलकों से खाद बनाना बेहद आसान है. सबसे पहले घर में इस्तेमाल किए गए अंडों के छिलकों को इकट्ठा कर लें. इसके बाद उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उनमें मौजूद बैक्टीरिया या गंदगी हट जाए. साफ करने के बाद इन छिलकों को 3 से 5 दिनों तक धूप में अच्छी तरह सुखाएं. धूप में सुखाने से छिलके पूरी तरह सूख जाते हैं और उन्हें पीसना आसान हो जाता है.

इस तरह से तैयार करें खाद
जब छिलके पूरी तरह सूख जाएं, तो उन्हें मिक्सर ग्राइंडर की मदद से बारीक पाउडर बना लें. पाउडर बनाते समय अपने नाक और मुंह को कपड़े या मास्क से ढक लें, क्योंकि इसका पाउडर कुछ लोगों में एलर्जी, छींक या खांसी की वजह बन सकता है. तैयार पाउडर को किसी एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके रखा जा सकता है.

पौधों में इस्तेमाल करने का तरीका
अंडे के छिलके के पाउडर को सीधे मिट्टी में मिलाया जा सकता है या फिर पानी में घोल बनाकर पौधों में डाला जा सकता है. यह दोनों ही तरीकों से पौधों को न्यूट्रिशन देता है. आप इसे गमलों, किचन गार्डन या खेतों में भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे पौधे कैल्शियम को आसानी से अब्सॉर्ब करते हैं, जिससे उनकी ग्रोथ बेहतर होती है.

अगर आप रेगुलर अंडे के छिलकों की खाद का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ ही समय में पौधों में फर्क नजर आने लगेगा. पौधे ज्यादा हरे-भरे दिखेंगे, उनकी जड़ें मजबूत होंगी और उनमें अधिक फूल व फल लगेंगे. यह एक नेचुरल और इको-फ्रेंडली तरीका है, जो बिना किसी केमिकल के आपके गार्डन को स्वस्थ बना सकता है.