scorecardresearch

Mix Veg Monsoon Achar: धूप की जरूरत नहीं... बरसात में भी बन जाता है ये अचार और होता नहीं खराब, पराठे का बढ़ाता है जायका, एक बार जरूर ट्राय करें

जानें कैसे बनता है एक ऐसा अचार जिसको धूप की जरूरत नहीं पड़ती और आज बना कर 3 से 4 दिनों में खा सकते हैं. ये बनाना आसान है और खराब होने का डर भी नहीं होता. अगर धूप होता है तो दिखा दें, वरना ऐसे भी रख सकते हैं.

Mix Veg Monsoon Achar Mix Veg Monsoon Achar

बरसात का मौसम आते ही सबसे बड़ी परेशानी अचार कैसे बनेगा इसकी होती है. धूप नहीं निकलती, इसलिए ज्यादातर लोग अचार डालने का प्लान टाल देते हैं. लेकिन एक ऐसा अचार भी है, जिसे बनाने के लिए आपको तेज धूप की जरूरत नहीं पड़ती. हरी मिर्च, लहसुन, अदरक और कच्चे आम के कुच्चे से बनने वाला यह अचार स्वाद में इतना लाजवाब होता है कि गर्मागर्म पराठे, दाल-चावल या खिचड़ी के साथ खाने का मजा कई गुना बढ़ जाता है. अगर इस आचार को सही तरीके से बनाएंगे तो ये लंबे समय तक खराब नहीं होगा और इसका स्वाद हर दिन और बढ़ेगा.

अचार बनाने के लिए आपको चाहिए-
250 ग्राम हरी मिर्च
100 ग्राम लहसुन की कलियां
100 ग्राम अदरक
1 कप कच्चे आम का कुच्चा (कद्दूकस किया हुआ)
2 बड़े चम्मच सरसों का पाउडर
1 बड़ा चम्मच सौंफ (दरदरी कुटी हुई)
1 छोटा चम्मच मेथी दाना (हल्का भुना और दरदरा कुटा हुआ)
1 छोटा चम्मच हल्दी
1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
नमक स्वादानुसार
1 से 2 कप सरसों का तेल

ऐसे बनाएं
सबसे पहले हरी मिर्च, अदरक और लहसुन को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इन्हें पूरी तरह सूखने दें, ताकि इनमें बिल्कुल भी नमी न रहे. अब हरी मिर्च के दो या तीन टुकड़े कर लें. अदरक को पतले लंबे टुकड़ों में काट लें और लहसुन की कलियां छीलकर तैयार रखें. साबुत कच्चा आम है, तो उसे कद्दूकस कर लें. इसी कद्दूकस किए हुए आम को कुच्चा कहा जाता है.

मसाला ऐसे तैयार करें
एक बड़े बर्तन में हरी मिर्च, लहसुन, अदरक और आम का कुच्चा डालें. अब इसमें सरसों का पाउडर, सौंफ, मेथी, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें, ताकि मसाला हर चीज पर अच्छी तरह चढ़ जाए.

अब डालें सरसों का तेल
सरसों के तेल को पहले अच्छी तरह गर्म कर लें. जब तेल से धुआं निकल जाए, तो गैस बंद कर उसे पूरी तरह ठंडा होने दें. फिर ठंडा किया हुआ तेल मसाले वाले मिश्रण में डालें और अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि तेल इतना हो कि अचार पूरी तरह तेल में डूबा रहे. यही तरीका अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है.

ऐसे रखें और करें इस्तेमाल
तैयार अचार को साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भर दें. जार में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. अचार भरने के बाद 2-3 दिन तक इसे कमरे के तापमान पर रखें और दिन में एक बार सूखे चम्मच से हल्के हाथों से चला दें, ताकि मसाला और तेल अच्छी तरह मिल जाए.

इसके बाद अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है. हर बार अचार निकालते समय साफ और सूखे चम्मच का ही इस्तेमाल करें. अगर तेल की परत ऊपर बनी रहे और नमी न पहुंचे, तो यह अचार बरसात के मौसम में भी लंबे समय तक स्वाद और खुशबू बनाए रखता है.

ये भी पढ़ें