scorecardresearch

क्या किराए का घर फायदेमंद, या अपना घर खरीदना सही सौदा.. जानें क्या होगा आपके लिए ठीक?

कई हालात में किराया देना ज्यादा समझदारी भरा साबित होता है, तो कई बार होम लोन के जरिए घर खरीदना संपत्ति बनाने का मजबूत जरिया बनता है.

Representative Image Representative Image

किराए के घर में रहना या फिर खुद का घर खरीदना, यह सवाल आज के समय में सिर्फ कम्फर्ट से जुड़ा नहीं है, बल्कि सीधा आपकी फाइनेंशियल प्लानिंग से जुड़ा है. कई लोग भावनाओं में आकर जल्दबाजी में घर खरीद लेते हैं, तो कुछ लोग सालों तक किराए पर रहते हैं. सच्चाई यह है कि हर किसी के लिए एक ही विकल्प सही नहीं होता. कई हालात में किराया देना ज्यादा समझदारी भरा साबित होता है, तो कई बार होम लोन के जरिए घर खरीदना टैक्स बचत के साथ संपत्ति बनाने का मजबूत जरिया बनता है.

किराए पर घर मतलब आज़ादी
किराए के घर में रहने वालों के लिए सबसे बड़ा फायदा HRA के जरिए मिलने वाली टैक्स छूट है, खासकर अगर आपकी सैलरी स्ट्रक्चर में HRA शामिल है. पुरानी टैक्स व्यवस्था में यह छूट काफी असरदार होती है और मेट्रो शहरों में रहने पर इसका फायदा और बढ़ जाता है.

साथ ही किराए पर रहने से आपको लोकेशन बदलने की पूरी आज़ादी मिलती है. नौकरी में ट्रांसफर या करियर के नए मौके आने पर घर बदलना आसान रहता है. साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स, मेंटेनेंस और बड़े रिपेयर खर्चों की जिम्मेदारी मकान मालिक की होती है, जिससे आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता.

अपना घर मतलब एसेट और टैक्स सेविंग
घर खरीदने पर होम लोन के जरिए दो बड़े टैक्स फायदे मिलते हैं. लोन के ब्याज पर छूट और प्रिंसिपल अमाउंट पर कटौती. इससे आपकी टैक्सेबल इनकम कम होती है. खुद के घर में रहने से हर महीने दिया जाने वाला किराया खत्म हो जाता है और ईएमआई एक स्थायी संपत्ति बनाने में योगदान देती है.

शुरुआत में डाउन पेमेंट, रजिस्ट्रेशन और प्रॉपर्टी टैक्स जैसे खर्च भारी लग सकते हैं. प्रॉपर्टी तुरंत कैश में बदलने वाली नहीं होती, लेकिन लंबे समय में यह एक मजबूत और सुरक्षित एसेट बनती है. सही प्लानिंग के साथ होम लोन टैक्स बचत और भविष्य की सुरक्षा दोनों दे सकता है.

किसके लिए क्या है सही
किराया या घर खरीदने का सही फैसला आपकी इनकम, नौकरी की स्थिरता, शहर और भविष्य की योजनाओं पर निर्भर करता है. अगर आपकी नौकरी में बार-बार लोकेशन बदलनी पड़ती है, तो किराए पर रहना ज्यादा समझदारी भरा हो सकता है. वहीं अगर आपकी इनकम स्थिर है, लंबे समय तक एक ही शहर में रहने की योजना है और आप टैक्स बेनिफिट के साथ संपत्ति बनाना चाहते हैं, तो घर खरीदना बेहतर विकल्प साबित हो सकता है.