scorecardresearch

चलती ट्रेन से उतरने के चक्कर में मौत के मुंह में फंस गया युवक, RPF जवान ने दिखाई फुर्ती, बचा ली जान, Video Viral

उत्तर प्रदेश के झांसी में वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एक ऐसा वाक्या हुआ, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. एक युवक चलती ट्रेन से उतरने के चक्कर में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया. लेकिन प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ के एक जवान ने फुर्ती दिखाई और युवक को मौत के मुंह से खींच निकाला. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement
Jhansi News Jhansi News

उत्तर प्रदेश में झाँसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात एक ऐसा हादसा होते-होते टल गया, जिसे देखकर हर किसी की सांसें थम गईं. निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस के रवाना होते ही एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में संतुलन खो बैठा और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच बने खतरनाक गैप में समाने लगा. मौत महज कुछ इंच की दूरी पर खड़ी थी, लेकिन उसी क्षण प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए दौड़ लगाई और यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

चलती ट्रेन से उतरने के चक्कर में फिसला पैर-
झाँसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर 8 जुलाई की रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची. तय ठहराव के बाद रात करीब 11:19 बजे ट्रेन सागर की ओर रवाना होने लगी. इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन के स्लीपर कोच से उतरने का प्रयास किया. जैसे ही उसने प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की कोशिश की, उसका संतुलन बिगड़ गया. वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने बेहद खतरनाक गैप की ओर फिसलने लगा.

यह पूरा घटनाक्रम कुछ ही सेकेंड का था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के लिए यह किसी डरावने मंजर से कम नहीं था. प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की चीख-पुकार के बीच हर किसी को लगा कि अब बड़ा हादसा होना तय है.

RPF जवान ने दिखाई फुर्ती और बच गई जान-
उसी समय प्लेटफॉर्म नंबर-2 और 3 पर यात्री सुरक्षा एवं ट्रेन पासिंग ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल, आरपीएफ के कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने स्थिति को भांप लिया. उन्होंने बिना एक पल गंवाए पूरी रफ्तार से दौड़ लगाई और अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री का हाथ पकड़कर पूरी ताकत से प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया. उनकी सूझबूझ, साहस और त्वरित कार्रवाई के चलते यात्री की जान बच गई. यदि एक सेकेंड की भी देरी हो जाती, तो यात्री ट्रेन के पहियों की चपेट में आ सकता था और यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था.

काफी देर तक सदमे में था पैसेंजर-
घटना के बाद यात्री सदमे में था और काफी देर तक कुछ भी बोल नहीं पा रहा था. आरपीएफ कर्मियों ने उसे संभाला, पानी पिलाया और मानसिक रूप से शांत किया. सामान्य होने पर उसने अपना नाम 42 साल के रमेश जैन बताया. रमेश मध्य प्रदेश के सागर के सुरखी गांव का रहने वाला है.

RPF जवान की हो रही तारीफ-
घटना का पूरा वीडियो स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने वाला हर व्यक्ति आरपीएफ जवान की बहादुरी और फुर्ती की जमकर सराहना कर रहा है.

झाँसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 8 जुलाई को निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन से रवाना होने के दौरान सागर निवासी यात्री रमेश जैन का संतुलन बिगड़ गया था और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने वाले थे. मौके पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान प्रवीण कुमार ने अद्भुत सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे और आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जवान की यह कार्रवाई उसी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है.

ये भी पढ़ें: