कटहल बिरयानी बनाने की रेसिपी
कटहल बिरयानी बनाने की रेसिपी
कटहल की ये बिरयानी नॉनवेज बिरयानी से कहीं ज्यादा स्वादिष्ट होती है. सच कहें तो वेज होने के बाद भी ये बिरयानी स्वाद में बिल्कुल नॉनवेज जैसी लगती है. कटहल का टेक्सचर, खुशबूदार मसाले और दम पर पके लंबे-लंबे बासमती चावल इसे इतना लाजवाब बना देते हैं कि पहली बार खाने वाला भी इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता. अगर इस वीकेंड घर पर कुछ खास बनाने का मन है, तो एक बार इस कटहल बिरयानी की रेसिपी जरूर ट्राई करें.
कटहल बिरयानी बनाने के लिए आपको चाहिए-
500 ग्राम कच्चा कटहल
2 कप बासमती चावल
2 बड़े प्याज (पतले कटे हुए)
2 टमाटर (बारीक कटे हुए)
1 कप दही
2 हरी मिर्च
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1 छोटा चम्मच बिरयानी मसाला
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग, बड़ी इलायची और जीरा
पुदीना और हरा धनिया
घी, तेल और स्वादानुसार नमक
सबसे पहले तैयार करें कटहल
कटहल को मध्यम आकार के टुकड़ों में काटकर नमक और हल्दी वाले पानी में 8-10 मिनट उबाल लें. पानी निकालकर इसे सूखा लें. अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके कटहल को सुनहरा होने तक फ्राई कर लें. इससे बिरयानी का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
ऐसे बनाएं मसालेदार ग्रेवी
एक पैन में घी और थोड़ा तेल डालें. सबसे पहले साबुत मसाले भूनें. अब प्याज डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और टमाटर डालकर अच्छी तरह भून लें. अब दही, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, बिरयानी मसाला और नमक डालकर मसाले को तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न होने लगे. आखिर में फ्राई किया हुआ कटहल डालकर 5-7 मिनट तक मसालों के साथ अच्छी तरह मिला लें.
चावल और मसाले की लगाएं परत
बासमती चावल को लगभग 70 प्रतिशत तक उबाल लें. अब भारी तले वाले बर्तन में पहले कटहल की ग्रेवी फैलाएं. उसके ऊपर चावल की एक परत बिछाएं. फिर फ्राई प्याज, पुदीना, हरा धनिया और थोड़ा घी डालें. इसी तरह सभी परतें तैयार करें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा केसर वाला दूध भी डाल सकते हैं.
दम पर पकाएं, तभी आएगा असली स्वाद
बर्तन को अच्छी तरह ढककर धीमी आंच पर 20-25 मिनट तक दम दें. इस दौरान कटहल और मसालों का स्वाद चावल में पूरी तरह उतर जाएगा. ढक्कन खोलते ही बिरयानी की खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी.
रायते के साथ करें सर्व
गरमा-गरम कटहल बिरयानी को बूंदी के रायते, पुदीने की चटनी, सलाद और पापड़ के साथ परोसें. इसका स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि खाने वाले यकीन ही नहीं करेंगे कि यह पूरी तरह वेज बिरयानी है. एक बार इसे जरूर बनाएं, यह आपकी पसंदीदा बिरयानी बन सकती है.
ये भी पढ़ें