केले के फूल की सब्जी
केले के फूल की सब्जी
ग्रेवी की कई तरह की सब्जी, जिसे लोग चावल के साथ खाना पसंद करते हैं. लेकिन कई सब्जी ऐसी भी है जिसको पकाने के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. हालांकि बावजूद इसके, केले के फूल से बनी सब्जी का स्वाद जबरदस्त होता है. जिसे कुछ मसालों के साथ बनाया जाता है और अगर आप नॉनवेज खाते हैं, तो इसका स्वाद आपको मीट का स्वाद भी भूलने पर मजबूर कर देगा. अगर आज भी अपना स्वाद में नया जायका जोड़ना चाहते हैं, तो इस बार केले के फूल से कुछ अलग बनाकर देखिए. केले के फूल की सब्जी स्वाद में काफी बढ़िया लगती है और सही तरीके से मसाले डालकर बनाई जाए तो खाने का स्वाद और भी बढ़ जाता है. खास बात यह है कि इसे गरमागरम चावल के साथ खाया जाए तो मजा दोगुना हो जाता है.
केले के फूल की सब्जी के लिए सामग्री
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक केले का फूल लें. इसके अलावा 2 प्याज, 2 टमाटर, 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 हरी मिर्च और जरूरत के हिसाब से तेल लें. मसालों में आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच जीरा और स्वादानुसार नमक रखें. आप चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा गरम मसाला भी डाल सकते हैं.
पहले केले के फूल को करें तैयार
केले के फूल को साफ करना इस रेसिपी का सबसे जरूरी हिस्सा है. इसके ऊपर की सख्त परतें हटाकर अंदर के फूलों को अलग कर लें. हर फूल के अंदर मौजूद सख्त हिस्सा और छोटी पारदर्शी सी झिल्ली निकाल दें. अब फूलों को बारीक काटकर पानी में अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इन्हें कुछ देर पानी में भिगोकर रखें. फिर पानी निकालकर फूलों को उबाल लें, ताकि इनका कड़वापन कम हो जाए.
ऐसे तैयार करें मसालेदार सब्जी
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं. अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और तब तक पकाएं, जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाएं और मसाला तेल छोड़ने लगे. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह मिला लें. अब उबले हुए केले के फूल को कड़ाही में डाल दें. मसाले के साथ इसे अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक पकाएं. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी डालकर सब्जी को ढक दें और धीमी आंच पर पकने दें.
चावल के साथ करें सर्व
जब केले के फूल अच्छी तरह पक जाएं और मसाला इसके साथ अच्छी तरह मिल जाए, तो ऊपर से थोड़ा गरम मसाला डालकर गैस बंद कर दें. स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से धनिया की पत्ती डालकर छोड़ दें. तैयार है केले के फूल की स्वादिष्ट सब्जी. इसे गरमागरम चावल, रोटी या पराठे के साथ परोस सकते हैं. खासकर चावल के साथ इसका स्वाद काफी अच्छा लगता है. अगर घर में कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने का मन है, तो केले के फूल की यह सब्जी एक बार जरूर ट्राई कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें