scorecardresearch

Aloo Tikki Recipe: घर पर आसानी से बनाएं आलू टिक्की चाट, मिलेगा मार्केट जैसा कुरकुरा स्वाद

आलू टिक्की चाट खाना हर किसी को पसंद होता है. लेकिन मार्केट ना जाना पड़े, इसलिए इसे नहीं खा पाते हैं. लेकिन इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. इसके लिए कुछ खास चीजों की जरूरत नहीं पड़ती है. चलिए इसकी रेसिपी बताते हैं.

Aloo Tikki Recipe Aloo Tikki Recipe

दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, लखनऊ, पटना जैसे बड़े-बड़े शहरों की गलियों में आलू टिक्की चाट खूब बिकता है. आलू टिक्की अपने स्वाद और कुरकुरेपन के लिए मशहूर है. लेकिन इस स्वाद के साथ आलू टिक्की घर पर बनाया जा सकता है? इसको लेकर कई लोगों के मन में संशय रहता है. लेकिन आप आसानी से आलू टिक्की घर बना सकते हैं और इसका स्वाद भी मार्केट जैसा ही होगा. चलिए इस खास चाट को बनाने का तरीका बताते है.

क्या होता है जरूरी?
घर पर आलू टिक्की चाट बनाना काफी आसान है. चलिए आपको बताते हैं कि किस-किस की जरूरत होती है.

  • आलू
  • चावल का आटा
  • कॉर्नफ्लोर
  • नमक
  • जीरा
  • हींग
  • हरी मिर्च
  • अदरक
  • अमचूर
  • धनिया पाउडर
  • लाल मिर्च
  • तेल
  • घी

कैसे तैयार करें आलू?
आलू टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले 5 बड़े साइज के आलू लें. इसमें 8-10 आलू टिक्की बन जाएगी. पहले आलू को अच्छी तरह से धोकर कुकर में उबाल लें. तेज आंच पर 3 से ज्यादा सीटी नहीं लगाना है. जब सीटी निकल जाए तो आलू के तुरंत ठंडे पानी से धो लें और उसका छिलका उतार लें. टिक्की को कुरकुरा बनाने के लिए आलू को मैश करने की बजाय कद्दूकस करना अच्छा होता है. इसके बाद इसमें थोड़ा जीरा और करीब 3 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर मिलाएं. इस दौरान नमक नहीं डालना चाहिए, क्योंकि नमक डालने से मिक्स्चर गीला हो जाता है. अगर मिक्स्चर ज्यादा गीला लगे तो उसमें चावल का आटा मिला लें. इसके बाद इस मिक्स्चर से गोल-गोल टिक्की बना लें.

कैसे तैयार करें टिक्की की स्टफिंग?
टिक्की में स्टफिंग भी कर सकते हैं. हालांकि कई लोग ऐसा नहीं करते हैं. लेकिन जो स्टफिंग करना चाहते हैं तो चलिए उसका मसाला बनाने का तरीका बताते हैं.

  • टिक्की में चना दाल की स्टफिंग डाली जा सकती है.
  • इसके लिए भिगोए गए चना दाल को हल्दी और नमक के साथ उबाल लें.
  • इसके बाद इसे जीरा, हींग, हरी मिर्च, अदरक, अमचूर, धनिया पाउडर और लाल मिर्च मिलाकर अच्छे से भून लें. इसके बाद टिक्की में मसालों को भर लें.

कैसे टिक्की को करें फ्राई?
जब टिक्की तैयार हो जाए तो एक कढ़ाई या पैन में थोड़ा सा तेल लें और उसमें टिक्की को हल्का फ्राई करें. इससे वे अंदर से सॉफ्ट हो जाते हैं और उनकी बाइंडिंग मजबूत हो जाती है. इसके बाद टिक्की को हथेलियों से हल्का दबाकर चपटा कर लें. इसके बाद पैन पर थोड़ा सा घी लें और उसपर चपटी टिक्की को रखकर अच्छी तरह से सुनहरा और कुरकुरा होने तक फ्राई करें. अब आपकी टिक्की खाने के लिए तैयार है.

चटनी के साथ करें सर्व-
जब टिक्की तैयार हो जाए तो इसे चटनी के साथ परोस सकते हैं. इसके लिए हरी चटनी या मीठी चटनी भी ले सकते हैं. इसमें थोड़ा सा दही डाल लें. इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. आखिर में धनिया, पनीर और गाजर-चुकंदर के लच्छों से सजाकर इसे परोस सकते हैं. 
अब आपका आलू टिक्की चाट पूरी तरह से तैयार है. ये टिक्की काफी स्वादिष्ट है.

ये भी पढ़ें: