Mixed Vegetable Khichdi
Mixed Vegetable Khichdi
जब दाल, चावल और सब्जी अलग-अलग बनाने का मन न हो, तो मिक्स वेजिटेबल दाल खिचड़ी एक बेहतरीन विकल्प है. यह रेसिपी न केवल झटपट बनती है, बल्कि स्वादिष्ट और पौष्टिक भी होती है. इस रेसिपी में कई प्रकार की दालें और सब्जियां शामिल हैं, जो इसे हेल्दी बनाती हैं.
रेसिपी के लिए क्या चाहिए?
मिक्स वेजिटेबल दाल खिचड़ी बनाना काफी आसान है. इसे तैयार करने में ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं होती है. चलिए बताते हैं कि इसमें क्या जरूरत होती है.
कैसे करें तैयारी?
मिक्स वेजीटेबल दाल खिचड़ी बनाने के लिए आपको आधी कटोरी चावल, मसूर की दाल, मूंग की दाल, चना दाल, और कई प्रकार की सब्जियां जैसे बैंगन, गाजर, आलू, बींस, मटर, प्याज और टमाटर की जरूरत होगी. चावल और दाल को धोकर तैयार कर लें. सब्जियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
खिचड़ी पकाने का प्रोसेस-
सबसे पहले कुकर में चावल, दालें और सब्जियां डालें. इसके बाद स्वाद के अनुसार नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च और लौंग डालें. इसके बाद डेढ़ से 2 गिलास पानी डालें. इसका स्वाद बढ़ाने के लिए एक चम्मच देसी घी मिलाएं. कुकर का ढक्कन बंद करके 2 सिटी लगाएं. इसके बाद प्रेशर खत्म होने दें और खिचड़ी को खोलें. अगर खिचड़ी ज्यादा गाढ़ी हो गई हो, तो उसमें गर्म पानी डालकर कंसिस्टेंसी एडजस्ट करें. धीमी आंच पर इसे पकने दें.
तड़के की तैयारी-
तड़का खिचड़ी का स्वाद बढ़ाने के लिए जरूरी है. एक पैन में देसी घी गरम करें. इसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च, हींग, बारीक कटा हुआ लहसुन, हरी मिर्च, प्याज और टमाटर डालें. मसाले जैसे हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, चिल्ली फ्लेक्स, गरम मसाला और नमक डालें. मसालों को अच्छे से भूनें और थोड़ा पानी डालें ताकि मसाले जले नहीं.
तड़का डालकर खिचड़ी तैयार करें-
तड़का तैयार होने के बाद इसे खिचड़ी में डालें और अच्छे से मिक्स करें. इसे धीमी आंच पर एक-दो मिनट तक पकाएं. अंत में बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें. गरमा-गरम खिचड़ी पर देसी घी डालना न भूलें. मिक्स वेजिटेबल दाल खिचड़ी में कई प्रकार की दालें और सब्जियां होती हैं, जो इसे बेहद पौष्टिक बनाती हैं.
ये भी पढ़ें: