Shining Leather Shoe
Shining Leather Shoe
चमकदार जूते न सिर्फ आपकी पर्सनैलिटी निखारते हैं, बल्कि उनकी उम्र भी बढ़ाते हैं. अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगी और केमिकल से भरी शू पॉलिश खरीदना जरूरी नहीं. आप घर में मौजूद साधारण चीज़ों से ही सस्ती, इको-फ्रेंडली और पूरी तरह नैचुरल शू पॉलिश बना सकते हैं. यह तरीका आसान भी है और सुरक्षित भी.
होममेड शू पॉलिश बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. आमतौर पर ये चीज़ें आपकी किचन में ही मिल जाती हैं. जैसे जैतून का तेल और नींबू का रस. इन्हीं दो चीज़ों से आपकी पॉलिश तैयार हो जाएगी.
शू पॉलिश बनाने का तरीका
एक कटोरी में एक भाग नींबू का रस और दो भाग जैतून का तेल मिलाएं. इस मिश्रण को अच्छी तरह मिला लें ताकि दोनों चीज़ें एकसार हो जाएं. अब एक साफ कपड़े की मदद से थोड़ी-सी पॉलिश जूतों पर लगाएं और कुछ मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि यह चमड़े में अच्छी तरह समा जाए. इसके बाद दूसरे साफ और सूखे कपड़े से जूतों को रगड़कर पॉलिश करें. कुछ ही देर में आपके जूते नई जैसी चमक पाने लगेंगे.
बेहतर नतीजों के लिए जरूरी टिप्स
पॉलिश लगाने से पहले जूते साफ और सूखे होना बेहद जरूरी है. गंदे जूतों पर पॉलिश करने से दाग स्थायी हो सकते हैं. चमड़े के जूतों को महीने में एक बार या जरूरत के अनुसार पॉलिश करें, इससे चमड़ा सूखने या फटने से बचा रहता है. ध्यान रखें कि यह नुस्खा केवल लेदर जूतों के लिए है, सूएड पर तेल लगाने से दाग पड़ सकते हैं. साथ ही, महंगा जैतून का तेल लेने की जरूरत नहीं. साधारण ऑलिव ऑयल भी उतना ही असरदार होता है.
केले का छिलका चमकाएगा जूता
अगर आपके पास जैतून का तेल या नींबू नहीं है, तो भी चिंता की बात नहीं. केले के छिलके का अंदरूनी हिस्सा लेदर जूतों पर रगड़ने से भी अच्छी चमक आ जाती है. छिलके में मौजूद नैचुरल ऑयल जूतों की पॉलिश लौटा देता है और बाद में आप उसे कम्पोस्ट में डाल सकते हैं.
बदबूदार जूतों से कैसे पाएं छुटकारा
जूते पॉलिश करते समय उनकी बदबू पर भी ध्यान देना जरूरी है. जूतों को कुछ घंटों के लिए धूप में रखने से बैक्टीरिया खत्म होते हैं और बदबू कम होती है. दूसरा आसान तरीका है कि जूते के अंदर थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर कुछ देर छोड़ देना और फिर झाड़ देना. साथ ही कोशिश करें कि एक ही जूते रोज़ न पहनें. जूतों को पहनने के बीच थोड़ा समय दें ताकि वे पूरी तरह सूख सकें. इससे न सिर्फ बदबू कम होगी, बल्कि जूते ज्यादा समय तक चलेंगे.