Kunafa Dessert Recipe
Kunafa Dessert Recipe
अरब की मशहूर मिठाई कुनाफ़ा अब भारत के कई बड़े शहरों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है. पतले आटे की कुरकुरी परत, बीच में मुलायम चीज़ और ऊपर से डाली गई मीठी चाशनी का अनोखा मेल इसे बेहद खास बनाता है. अरब देशों में यह मिठाई आमतौर पर त्योहारों और खास मौकों पर बनाई जाती है, लेकिन अब भारतीय मिठाई प्रेमी भी इसे बड़े चाव से खा रहे हैं. इसका अलग टेक्सचर और लाजवाब स्वाद इसे बाकी डेज़र्ट से अलग पहचान देता है.
कुनाफ़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर स्वादिष्ट कुनाफ़ा बनाने के लिए लगभग 500 ग्राम कुनाफ़ा डो, 250 ग्राम पिघला हुआ घी या मक्खन, 500 ग्राम मीठा चीज़, 2 कप चीनी, 1 कप पानी, आधा चम्मच नींबू का रस, 1 चम्मच गुलाब जल या केवड़ा जल और सजाने के लिए पिस्ता लिया जाता है. इन सभी चीजों का सही संतुलन ही कुनाफ़ा को परफेक्ट स्वाद और बनावट देता है.
मीठी चाशनी तैयार करने की विधि
कुनाफ़ा की खासियत उसकी चाशनी होती है. इसे बनाने के लिए एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और मिक्सचर उबलने लगे, तब इसमें थोड़ा-सा नींबू का रस मिलाएं. इससे चाशनी क्रिस्टलाइज नहीं होती और उसकी बनावट सही रहती है. इसे लगभग 5 से 7 मिनट तक हल्का गाढ़ा होने तक पकाएं. इसके बाद गैस बंद करके इसमें गुलाब जल या केवड़ा जल मिलाएं और चाशनी को ठंडा होने के लिए अलग रख दें.
कुनाफ़ा डो तैयार करने का तरीका
कुनाफ़ा डो को हाथों से धीरे-धीरे खोलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में अलग करें ताकि बेक होने के बाद इसका टेक्सचर एक जैसा बने. अब इसमें पिघला हुआ घी या मक्खन मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि हर रेशा घी से अच्छी तरह कोट हो जाए. यह प्रक्रिया बहुत जरूरी है क्योंकि इससे कुनाफ़ा बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम बनता है.
कुनाफ़ा को सेट करने की तरीका
सबसे पहले एक बेकिंग ट्रे को घी से अच्छी तरह ग्रीस करें. अब तैयार डो का आधा हिस्सा ट्रे में समान रूप से फैलाकर हाथों या कटोरी की मदद से हल्का दबाएं ताकि मजबूत बेस बन सके. इसके बाद कसा हुआ चीज़ बेस पर समान रूप से फैलाएं, लेकिन ध्यान रखें कि चीज़ किनारों तक न पहुंचे. अब बचा हुआ डो चीज़ की परत के ऊपर फैलाकर हल्के हाथों से दबा दें, ताकि पूरी संरचना अच्छी तरह सेट हो जाए.
बेकिंग और सर्व करने का सही तरीका
ओवन को पहले से गर्म कर लें और तैयार कुनाफ़ा को लगभग 30 से 40 मिनट तक बेक करें, जब तक इसका ऊपरी हिस्सा सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए. ओवन से निकालने के तुरंत बाद गर्म कुनाफ़ा पर धीरे-धीरे ठंडी चाशनी डालें ताकि वह अच्छी तरह सोख ले. आखिर में ऊपर से पिस्ता डालकर इसे सजाएं और गरमा-गरम सर्व करें. अपने खास स्वाद और अलग बनावट के कारण कुनाफ़ा अब हैदराबाद ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में मिठाई प्रेमियों की नई पसंद बनता जा रहा है.