scorecardresearch

Bike Riding Tips: कहीं आपका हेलमेट भी तो नहीं हो गया एक्सपायर, जानें कैसे करें उसकी पहचान.. कितने समय बाद लेना चाहिए नया?

बाइक राइड करते समय हेलमेट पहनना केवल एक कानून भर ही नहीं है. बल्कि यह आपकी सुरक्षा भी करता है. इसलिए आपको इसका हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि कब इसे बदलना चाहिए.

When To Change Your Helmet (Source: Gemini) When To Change Your Helmet (Source: Gemini)

मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनना केवल एक कानून ही नहीं, बल्कि सेफ्टी की दृष्टि से भी आपके लिए अच्छा है. यह सड़ पर आपकी सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल का काम करता है. सड़क हादसों में सबसे ज्यादा खतरा सिर पर चोट लगने का होता है. ऐसे में एक अच्छा हेलमेट गंभीर चोटों से आपको बचा सकता है. 

साथ ही बाइक राइड करते समय हेलमेट तेज हवा, धूल, कीड़े-मकोड़ों, धूप, बारिश और ठंडी हवा से भी चेहरे और आंखों को सेफ रखता है. यही वजह है कि हेलमेट पहनना कानूनी तौर पर भी जरूरी है और इसे न पहनने पर चालान हो सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक हेलमेट को आप कितने समय तक पहन सकते हैं या फिर हेलमेट के एक्सपायर होने के बारे में. शायद आपने कभी इसके बारे में सोचा नहीं होगा.

अक्सर लोग यह मानते हैं कि हेलमेट एक बार खरीद लिया तो सालों तक चलता रहेगा, लेकिन ऐसा नहीं है. हेलमेट कई हिस्सों से मिलकर बना होता है और समय के साथ-साथ इनकी क्वालिटी धीरे-धीरे खराब होने लगती है. इसलिए इसे रेगुलर बेसिस पर चेक करते रहना चाहिए और कुछ गलत लगने पर फौरन बदल लेना चाहिए.

किन हिस्सों को मिलाकर बनता है हेलमेट
हेलमेट का बाहरी हिस्सा (आउटर शेल) फाइबरग्लास, कार्बन फाइबर या केवलर जैसे मजबूत मटेरियल से बना होता है, जो टक्कर के समय झटका सहता है. इसके अंदर इनर पैडिंग सिर को आराम देने के साथ झटकों को कम करती है, जबकि वाइजर आंखों को धूल और मौसम से बचाता है. लेकिन समय के साथ ये सभी हिस्से कमजोर पड़ सकते हैं.

कब बदल लेनी चाहिए पैडिंग
हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग आमतौर पर फोम और कपड़े से बनी होती है. लगातार इस्तेमाल से पसीना और बालों का तेल इसके संपर्क में आता रहता है, और यह धीरे-धीरे खराब हो जाती है. जब पैडिंग ढीली या दबने लगे, तो सही कुशनिंग नहीं दे पाती. ऐसे में इसे तुरंत बदलना जरूरी है, ताकि हादसे के समय सही सेफ्टी मिल सके.

वाइजर की देखभाल भी है जरूरी
समय के साथ हेलमेट के वाइजर पर सक्रैच और खरोंच पड़ जाती हैं. साथ ही यह धुंधला भी हो जाता है, जिससे सड़क पर देखने में परेशानी होती है. खराब विजिबिलिटी हादसे की वजह बन सकता है, इसलिए जैसे ही वाइजर खराब दिखे उसे तुरंत बदल देना चाहिए.

कब बदलना चाहिए हेलमेट
ज्यादातर हेलमेट बनाने वाली कंपनी सलाह देती हैं कि हेलमेट को उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट से लगभग 5 साल के भीतर बदल लेना चाहिए. लेकिन, अगर आप रोजाना लंबे समय तक बाइक चलाते हैं, तो इसे इससे पहले भी बदलना बेहतर होता है. खासकर तब, जब हेलमेट में दरार, ढीलापन या कोई अन्य नुकसान नजर आए.