Kota News
Kota News
राजस्थान में कोटा के नयागांव स्थित रावतभाटा रोड पर बने बाल संप्रेषण गृह में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 5 फीट लंबा जहरीला ब्लैक कोबरा किचन में घुस गया. रात करीब 1 बजे सांप दिखाई देते ही वहां मौजूद बाल अपचारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. कर्मचारियों ने बिना देर किए केयरटेकर और सुरक्षा गार्ड को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया.
किचन में मिला ब्लैक कोबरा-
मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि जब वे बाल संप्रेषण गृह पहुंचे तो ब्लैक कोबरा किचन के पास एक दीवार से सटकर छिपा बैठा था. जहरीले सांप के बेहद आक्रामक होने की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके को खाली कराया गया और काफी सावधानी, धैर्य और सतर्कता के साथ उसका रेस्क्यू किया गया.
रेस्क्यू के बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ब्लैक कोबरा को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया, ताकि वन्यजीव भी सुरक्षित रहे और लोगों को भी कोई खतरा न हो.
हो सकता था कोई बड़ा हादसा-
इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी, क्योंकि बाल संप्रेषण गृह में कई नाबालिग बाल अपचारी रह रहे हैं. यदि यह जहरीला ब्लैक कोबरा किचन से निकलकर बच्चों के कमरों तक पहुंच जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. कर्मचारियों की सतर्कता, सुरक्षा गार्ड की त्वरित सूचना और स्नेक कैचर की फुर्ती के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया.
स्नेक कैचर ने क्या कहा?
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने लोगों से अपील की कि यदि घर, संस्थान या आसपास कहीं भी सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें मारने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें. इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित वन्यजीव रेस्क्यू टीम को दें, ताकि लोगों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
ये भी पढ़ें: