दाल का पराठा रेसिपी
दाल का पराठा रेसिपी
सुबह के नाश्ते में रोज-रोज आलू, गोभी या मूली का पराठा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ अलग बनाकर देखें. घर में रखी दाल से भी स्वादिष्ट पराठे बना सकते हैं, जो स्वाद और सेहत से भरपूर है. इसके लिए आपको अलग से ज्यादा तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अगर रात की बची हुई दाल फ्रिज में रखी है, तो उसका इस्तेमाल भी कर सकती हैं. दाल में प्रोटीन होता है और इसे आटे के साथ मिलाकर बनाने से पराठे का स्वाद भी बढ़ जाता है. आइए जानते हैं दाल के पराठे बनाने का आसान तरीका.
दाल का पराठा बनाने के लिए सामान
1 कप गेहूं का आटा
आधा कप पकी हुई या रात की बची हुई मूंग या मसूर की दाल
1 बारीक कटा प्याज
1 हरी मिर्च
आधा चम्मच अजवाइन
आधा चम्मच जीरा
थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच धनिया पाउडर
नमक स्वादानुसार
जरूरत के मुताबिक घी या तेल
इस तरह तैयार करें पराठे का आटा
सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा लें. अब इसमें पकी हुई दाल डालें. ध्यान रखें कि दाल में ज्यादा पानी नहीं होना चाहिए, वरना आटा गीला हो सकता है. इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया मिला दें.
अब अजवाइन, जीरा, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. दाल और मसालों को आटे में मिलाते हुए थोड़ा-थोड़ा पानी डालें और नरम आटा गूंथ लें. आटा तैयार होने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए.
तवे पर ऐसे सेंकें दाल के पराठे
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब चकले पर थोड़ा सूखा आटा लगाकर लोई को बेल लें. पराठे को ज्यादा पतला न रखें. दूसरी तरफ तवा गर्म होने के लिए रख दें. तवा गर्म होने पर बेला हुआ पराठा उस पर डालें.
जब पराठा एक तरफ से हल्का पक जाए, तो उसे पलट दें. अब दोनों तरफ थोड़ा घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर सेंकें. पराठे को पलटते रहें, ताकि वह अंदर तक अच्छी तरह पक जाए. जब दोनों तरफ हल्के भूरे धब्बे दिखाई देने लगें, तो इसे तवे से उतार लें. इसी तरह बाकी आटे से भी पराठे तैयार कर लें.
दही या अचार के साथ करें सर्व
गरमागरम दाल के पराठों को आप दही, हरी चटनी या अचार के साथ परोस सकती हैं. अगर घर में बच्चे हैं और वे दाल खाने में आनाकानी करते हैं, तो इस तरह पराठे बनाकर उन्हें खिला सकती हैं. मूंग, मसूर या अरहर की पकी हुई दाल से इन्हें बनाया जा सकता है. बस ध्यान रखें कि दाल गाढ़ी हो, ताकि आटा गूंथते समय पराठे आसानी से बन सकें.
ये भी पढ़ें