Mahoba News
Mahoba News
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां खेत में सो रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग उत्तम नायक को देर रात एक सांप ने काट लिया. बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला. सुबह वही मरा हुआ सांप लेकर बुजुर्ग सीधे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंच गया, जिसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए. फिलहाल बुजुर्ग का इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर हैं.
सांप ने काटा को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला-
कहा जाता है मुसीबत में हिम्मत ही सबसे बड़ा हथियार है. महोबा में इस कहावत को चरितार्थ किया है 60 वर्षीय बुजुर्ग उत्तम नायक ने. मामला श्रीनगर थाना क्षेत्र के ननौरा गांव का है, जहां उत्तम नायक अपने खेत में बने टीन शेड के नीचे सो रहे थे. रात करीब 1 बजे जब वह गहरी नींद में थे, तभी उनके लटके हुए दाहिने हाथ की उंगली में अचानक कुछ चुभने का अहसास हुआ. बुजुर्ग ने तुरंत टॉर्च जलाकर देखा तो पास में ही चूल्हे के पीछे एक पांच फिट लम्बा काला सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही बुजुर्ग ने बिना घबराए तुरंत अपनी लाठी उठाई और एक के बाद एक कई वार कर उस सांप को मौके पर ही ढेर कर दिया.
सांप काटने के बाद सुबह का किया इंतजार-
घटना के बाद बुजुर्ग खुद ही जख्म पर बंध लगाकर बैठ गए, चाय पी और सुबह होने का इंतजार किया. सुबह करीब 5 बजे बुजुर्ग मरा हुआ सांप लेकर अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी बात बताई. सांप के काटे जाने की बात सुनते ही परिजनों के हाथ-पांव फूल गए.
मरा सांप लेकर अस्पताल पहुंच गए बुजुर्ग-
परिजन आनन-फानन में बुजुर्ग को लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे. लेकिन हर कोई तब दंग रह गया, जब बुजुर्ग अपने साथ थैले में वही मरा हुआ 4 से 5 फीट लंबा काला सांप भी लेकर अस्पताल के अंदर दाखिल हुआ. डॉक्टर को सांप दिखाते हुए बुजुर्ग ने कहा कि इसी ने काटा है, देख लीजिए यह जहरीला है या नहीं.
बुजुर्ग खतरे से बाहर-
अस्पताल के डॉक्टर नवीन चौहान ने मरीज का तुरंत परीक्षण किया और उपचार शुरू कर दिया. राहत की बात यह रही कि बुजुर्ग के शरीर में जहर के कोई लक्षण नहीं मिले. डॉक्टरों के मुताबिक सांप का केवल एक ही दांत लगा था, जिसके चलते बड़ी अनहोनी टल गई. फिलहाल बुजुर्ग पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उनका इलाज जारी है.
ये भी पढ़ें: