scorecardresearch

Banana Malpua Recipe: होली के दिन घर पर बनाएं केले का मालपुआ, नाम सुनते ही मुंह में आ गया पानी... तो खाने के बाद क्या होगा?

Holi Special Banana Malpua: होली पर्व पर हर घर में तरह-तरह के पकवान बनते हैं. आप होली पर कुछ अलग बनाने की सोच रही हैं तो केले का मालपुआ बना सकती हैं. केले के मालपुआ का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है, खाने के बाद तो मजा ही आ जाएगा. यहां आप जान सकते हैं केले का मालपुआ बनाने की आसान विधि.

Banana Malpua Banana Malpua

Banana Malpua: रंगों का त्योहार होली 4 मार्च 2026 को है. इस दिन हर घर में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं. आप भी होली पर कुछ अलग बनाने की सोच रही हैं तो केले का मालपुआ बना सकती हैं. केले के मालपुआ का स्वाद जहां लाजवाब होता है तो वहीं यह सेहत के लिए भी अच्छा होता है.

केले का मालपुआ बनाने के लिए सामग्री 
1. पका हुआ केला 
2. दूध
3. चीनी
4. मैदा
5. सूजी 
6. शुद्ध घी या तेल
7. इलायची पाउडर 
8. सौंफ 
9. बादाम, पिस्ता, मेवा और केसर 

ऐसे बनाएं केले के मालपुआ के लिए घोल
केले का मालपुआ बनाने के लिए सबसे पहले इसका घोल बनाना होता है. सबसे पहले आप पके केले को लें और उसका छिलका उतारकर एक बर्तन में केले को मैश कर लें. अब इस मैश केले में मैदा और सूजी मिलाएं. इसके बाद धीरे-धीरे दूध इसमें डालते हुए घोल तैयार करें. इस बात का ध्यान जरूर रखें कि केले, मैदा और सूजी का यह घोल न अधिक पतला हो और न हीं ज्यादा गाढ़ा हो. इतना करने के बाद अब इस गोल में चीनी, इलायची पाउडर और सौंफ डालकर अच्छी तरह मिला लें. आप चाहें तो चीनी की जगह गुड़ और थोड़ा केसर भी डाल सकती हैं. अब इस घोल को कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. ऐसा करने से सूजी पूरी तरह से फूल जाएगी और स्वाद बेहतर आएगा. 

अब बनाएं चाशनी 
अब पैन या किसी और बर्तन में चीनी डालें. फिर चूल्हे या गैस को जलाकर इस पैन को उसपर चढ़ा दें. धीमी आंच पर धीरे-धीरे चीनी को गलने दें. चीनी जब पूरी तरह घुल जाए और चाशनी हल्की चिपचिपी हो जाए तो गैस बंद कर दें. इस बात का ध्यान रखें कि चाशनी एक तार की होनी चाहिए. आप चाहें तो इस चाशनी में थोड़ी सी इलायची पाउडर भी मिला सकती हैं. इससे खुशबू बढ़ जाएगी. 

केले का मालपुआ बनाने की विधि
अब गैस या चूल्हे को जलाएं और एक कढ़ाही को उसपर चढ़ाएं. इस कढ़ाही में शुद्ध घी या तेल गर्म करें. ध्यान रखें कि आंच मध्यम हो. घी या तेल जब अच्छी तरह गर्म हो जाए तो एक करछी की मदद से केला, सूजी और मैदा का थोड़ा सा घोल कढ़ाही में गोल आकार में डालें. हालांकि मालपुआ खुद ही फैलकर गोल आकार ले लेगा. इसे दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें. इसी तरह सारे मालपुए तैयार कर लें. अब घी या तेल में तले हुए गर्म मालपुओं को सीधे चाशनी में डालें. इसको दो से तीन मिनट तक डूबे रहने दें, ताकि मालपुआ अच्छी तरह मीठे हो जाएं. इसके बाद उन्हें निकालकर प्लेट में रखें. केले के तैयार मालपुआ को बारीक कटे हुए बादाम, पिस्ता और केसर से सजाएं. आप चाहें तो इस मालपुआ को रबड़ी के साथ भी परोस सकते हैं. केला का मालपुआ ठंडी रबड़ी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है.

केले का मालपुआ बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान 
ध्यान रखें केले का मालपुआ बनाने के लिए हमेशा पका और मीठा केला का ही इस्तेमाल करें. यदि आप मालपुआ को ज्यादा कुरकुरा पसंद करती हैं तो घोल में थोड़ा और सूजी मिला सकती हैं. मालपुआ को तलते समय आंच ज्यादा तेज न रखें, नहीं तो मालपुआ बाहर से जल सकता है और अंदर से कच्चा रह सकता है. आप स्वाद बढ़ाने के लिए मालपुआ के घोल में थोड़ा-सा कसा हुआ नारियल भी मिला सकते हैं.