scorecardresearch

दूसरी महिला से अफेयर के शक में पत्नी ने पति के प्राइवेट पार्ट पर किया हमला, प्यार से कॉफी पिलाई फिर वारदात को दिया अंजाम

मामला जैद गार्डन क्षेत्र का है. घायल नदीम के मुताबिक, उसकी शादी शबनम से करीब साढ़े सात साल पहले हुई थी. दंपती की अभी कोई संतान नहीं है. नदीम का आरोप है कि उसकी पत्नी को शक था कि वह किसी दूसरी महिला से दोस्ती करता है.

Advertisement
Wife Accused of Attacking Husband Private Part Wife Accused of Attacking Husband Private Part
हाइलाइट्स
  • पति के प्राइवेट पार्ट पर चाकू से हमला

  • दूसरी महिला से दोस्ती का शक

उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति-पत्नी के बीच विवाद का गंभीर मामला सामने आया है. लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने पति के प्राइवेट पार्ट पर चाकू से हमला करने का आरोप है. घायल पति का दावा है कि पत्नी ने पहले उसे कॉफी पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था. इसके बाद उसके सो जाने पर चाकू से हमला किया गया. घटना में घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

दूसरी महिला से दोस्ती के शक में होता था विवाद
मामला जैद गार्डन इलाके का है. घायल पति नदीम के मुताबिक, उसकी शादी शबनम से करीब साढ़े सात साल पहले हुई थी. दंपती की अभी कोई संतान नहीं है. नदीम का आरोप है कि पत्नी को शक था कि उसकी किसी दूसरी महिला से दोस्ती है. इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. नदीम के मुताबिक, पत्नी को यह भी आशंका थी कि संतान नहीं होने के कारण वह दूसरी शादी कर सकता है. इसी बात को लेकर उनके बीच तनाव बना रहता था. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

कॉफी पीने के बाद सो गया था पति
नदीम ने आरोप लगाया कि 8 अक्टूबर की रात उसने पत्नी के हाथ की बनी कॉफी पी थी. इसके बाद उसे नींद आ गई. उसका दावा है कि कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाया गया था. इसी दौरान पत्नी ने उसके कपड़े उतारे और चाकू से प्राइवेट पार्ट पर कई वार कर दिए. नदीम के मुताबिक, रात करीब 2 बजे उसकी नींद खुली, तब उसे चोट लगने का पता चला. वह गंभीर रूप से घायल था. इसके बाद आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया. पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसकी पत्नी घर से चली गई थी.

पति का आरोप- धमकी भी देती थी पत्नी
नदीम ने आरोप लगाया कि पत्नी अक्सर उससे झगड़ा करती थी और धमकी देती थी कि वह उसे किसी और का नहीं होने देगी और खुद का भी नहीं रहने देगी. पीड़ित के मुताबिक, घटना के समय उसे नशे या बेहोशी के कारण कुछ पता नहीं चला. होश आने के बाद उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी. इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया.

पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, 8 अक्टूबर को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में महिला शबनम द्वारा अपने पति को चाकू से घायल करने का मामला सामने आया था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला को पति की किसी दूसरी महिला से दोस्ती होने का शक था. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लिया है. वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है.

ये भी पढ़ें