Money Saving Tips
Money Saving Tips
दिन-प्रतिदिन महंगाई बढ़ रही है. इससे आम लोगों का घर-परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है. कम कमाई और कम सैलरी वाले तो काफी परेशान हैं. इनकी किसी तरह दाल-रोटी चल रही है. यदि आपकी भी सैलरी और कमाई कम है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप कम कमाई और कम सैलरी में भी हर महीने अच्छी बचत कर सकते हैं. इसके लिए आपको बस कुछ टिप्स अपनाने होंगे. आइए जानते हैं आप कैसे हर महीने पैसे बचा सकते हैं? यदि आप अपने कमाई और खर्चों की सही प्लानिंग कर लेंगे तो हर महीने अच्छी-खासी सेविंग कर सकते हैं.
1. जरूर बनाएं मंथली बजट
यदि आपको व्यापार-व्यवसाय में अच्छी आमदनी नहीं हो रही है, यदि नौकरी करते हैं तो उसमें भी सैलरी बहुत कम है तो भी आप कुछ पैसे सेविंग करना चाह रहे हैं तो इसके लिए आपको तुरंत अपना मंथली बजट बनाना होगा. आप की कुल कमाई कितनी है और आपके पैसे कहां-कहां खर्च होते हैं, इसकी अच्छे से हिसाब बनाकर पहले से रख लें. यदि आप ऐसा करेंगे तो आपको समझ में आने लगेगा कि पैसे किस जगह पर ज्यादा खर्च हो रहे हैं और आप किन चीजों में अभी भी कटौती कर सकते हैं. इस तरह से आप हर महीने कुछ न कुछ सेविंग कर सकते हैं.
2. बिना सोचे-समझे न खरीदें कोई चीज
यदि आपको पैसे बचाने हैं तो बिना सोचे-समझे कई भी चीच न खरीदें. आपको मालूम हो कि कई बार हम यह गलती करते हैं और बिना सोचे-समझे ही चीजों को खरीदने लग जाते हैं. कई बार तो ये चीजें काम में आ जाती हैं लेकिन कुछ ऐसी चीजें भी होती हैं, जिसे हम खरीद तो लेतें हैं लेकिन ये हमारे किसी काम में नहीं आती हैं. यदि आपको पैसा बचाना है तो जरूरत और शौक में अंतर को समझना होगा. आपको कोई भी चीज खरीदने से पहले अपने आप से यह पूछना होगा कि क्या इसकी जरूरत आपको है या फिर एक शौक है. खुद से पूछा गया यह सवाल आपके फालतू के खर्चों को बहुत हद तक कम कर देगा. इस तरह से आप हर महीने कुछ न कुछ सेविंग कर लेंगे.
3. छोटी सेविंग्स को कभी भी न करें नजरअंदाज
कई बार जब पैसे को बचाने की बात आती है तब हम छोटे-छोटे सेविंग्स को नजरअंदाज कर देते हैं. जी हां, हमें लगता है कि थोड़े-थोड़े पैसे बचाने से आखिर क्या होगा. दरअसल, हम यहीं गलती करते हैं. आपको मालूम हो कि इसी तरह की छोटी-छोटी सेविंग्स आगे चलकर एक बड़ा फंड बन जाती है. हर दिन इस तरह की छोटी-छोटी चीजों में पैसे बचाकर आप अपनी सेविंग्स को काफी हद तक बढ़ा सकते हैं.
4. महीने की शुरुआत में ही सैलरी से निकाल कर रख दें कुछ पैसा
अधिकांश लोगों की आदत होती है कि वे सैलरी में से महीने के अंत में जो थोड़ा पैसा बचता है, उसे सेविंग्स के रूप में रख लेते हैं जबकि सही तरीका यह है कि महीने की पहली तारीख को वेतन आते ही, उसमें से कुछ हिस्सा सेविंग्स के रूप में अलग करके रख लेना चाहिए. इस आदत को आप हर महीने अपनाएं और साल के अंत में एक बार अपनी सेविंग्स पर नजर जरूर डालें. आपके पास अच्छी-खासी बचत हो जाएगी.
5. बिना काम के न लें लोन, क्रेडिट कार्ड से रहें सावधान
कई लोग बिना जरूरी काम के भी लोन ले लेते हैं या फिर हद से ज्यादा क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते हैं. इसका असर आपको अपनी सेविंग्स पर देखने को मिलता है. यदि आप पैसे बचाना चाह रहे हैं तो आपको सिर्फ उतना ही खर्च करना चाहिए जितना आपका पॉकेट आपको करने की इजाजत देता है.
6. न पड़ें ऑफर्स के चक्कर में
ऑफर्स के चक्कर में अधिकांश लोग कभी न कभी गलती जरूर करते हैं. हमें कभी भी डिस्काउंट और ऑफर्स को देखकर चीजों को नहीं खरीदना चाहिए. कई बार डिस्काउंट और ऑफर्स के चक्कर में हम उन चीजों को खरीद लेते हैं, जिनकी हमें बहुत जरूरत नहीं होती है. यदि कोई चीज कम दाम पर मिल रही है तो इसका मतलब यह बिलकुल नहीं है कि वह आपके लिए जरूरी ही हो. किसी भी चीज में पैसे खर्च करने के पहले अच्छी तरह से सोच- समझ जरूर लें. ऐसा कर आप कम कमाई और कम सैलरी में भी पैसे बचा सकते हैं.