scorecardresearch

Samosa Recipe: बरसात के मौसम की स्पेशल रेसिपी... घर पर कुछ मिनटों में बनाएं समोसा, सब लोग खाकर बोलेंगे वाह!

बरसात का मौसम आते ही लोगों का कुछ चटपटा खाने की इच्छा होने लगती है. लेकिन बाहर का खाना सेहत के लिए जितना नुकसानदेह होता है, उतना ही घर पर बनाना मुश्किल लगता है. आज हम आपको बरसात की स्पेशल रेसिपी समोसा बनाना सिखाएंगे, जिसको आप आसानी से घर पर ही बना सकते हैं.

How to Make Mini Samosa How to Make Mini Samosa

बारिश की फुहारें, गर्मागर्म चाय और साथ में कुरकुरा समोसा. यह कॉम्बिनेशन शायद ही किसी को पसंद न हो. मानसून के मौसम में तला-भुना खाने का मन अक्सर करता है, लेकिन बाहर का खाना कई बार साफ-सफाई और तेल की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा देता है. ऐसे में घर पर बना समोसा न सिर्फ ज्यादा सुरक्षित विकल्प होता है, बल्कि आप इसमें अपनी पसंद की फिलिंग और कम तेल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. सही तरीके से तैयार किया गया समोसा बाहर की तरह कुरकुरा बनता है और उसका स्वाद लंबे समय तक याद रहता है.

समोसा बनाने का सामान
समोसे का आटा तैयार करने के लिए 2 कप मैदा, 4 बड़े चम्मच घी या तेल, आधा चम्मच अजवाइन, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार पानी लें. भरावन के लिए 4 उबले आलू, आधा कप उबले मटर, 1 चम्मच अदरक, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच अमचूर पाउडर, थोड़ा हरा धनिया और 1 बड़ा चम्मच तेल रखें.

पहले तैयार करें कुरकुरा आटा
एक बाउल में मैदा, नमक, अजवाइन और घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंध लें. आटे को 20 से 25 मिनट तक ढककर रख दें. इससे ग्लूटेन अच्छी तरह सेट होता है और समोसे की परत ज्यादा कुरकुरी बनती है.

ऐसे बनाएं मसालेदार स्टफिंग
पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें अदरक व हरी मिर्च भून लें. अब उबले हुए मटर और मैश किए हुए आलू डालें. इसके बाद धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर और नमक मिलाकर 3 से 4 मिनट तक पकाएं. आखिर में हरा धनिया डालकर मिश्रण को ठंडा होने दें.

समोसे को दें सही आकार
आटे की लोई बेलकर उसे बीच से दो हिस्सों में काट लें. एक हिस्से को मोड़कर कोन बनाएं और उसमें तैयार स्टफिंग भर दें. किनारों पर हल्का पानी लगाकर अच्छी तरह सील कर दें, ताकि तलते समय समोसा खुले नहीं.

धीमी आंच पर तलें, तभी मिलेगा परफेक्ट स्वाद
कड़ाही में तेल को मध्यम गर्म करें. समोसों को हमेशा धीमी से मध्यम आंच पर तलें. तेज आंच पर तलने से बाहरी परत जल्दी सुनहरी हो जाती है, लेकिन अंदर तक सही कुरकुरापन नहीं आ पाता. धीमी आंच पर तले गए समोसे ज्यादा क्रिस्पी और लंबे समय तक कुरकुरे रहते हैं.

ऐसे करें सर्व
गर्मागर्म समोसे को हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी या मसाला चाय के साथ परोसें. बारिश के मौसम में यह रेसिपी परिवार और मेहमानों दोनों को पसंद आएगी. अगर आप चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर या बेक करके भी तैयार कर सकते हैं, जिससे तेल की मात्रा कम हो जाती है और स्वाद भी बरकरार रहता है.
 

ये भी पढ़ें