Sheep Herder
Sheep Herder
चीन में भेड़ चराने की एक नौकरी के लिए 48 घंटे के अंदर 1000 से ज्यादा आवेदन पहुंच गए. हैरानी की बात यह है कि इनमें कई यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट्स भी शामिल थे. यह नौकरी उत्तरी चीन के इनर मंगोलिया क्षेत्र के एक भेड़ फार्म में निकली थी. अप्रैल में जारी विज्ञापन में दो लोगों की जरूरत बताई गई थी. नौकरी के साथ मुफ्त खाना, रहने की सुविधा और वाई-फाई भी दिया जाना था. दोनों कर्मचारियों को मिलाकर हर महीने 16 हजार युआन (करीब 1.9 लाख रुपए) की सैलरी तय की गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई नौकरी
जॉब पोस्ट सामने आते ही चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर यह चर्चा का विषय बन गई. कई युवाओं ने कमेंट कर कहा कि भेड़ों के साथ रहना लोगों के साथ काम करने से आसान है. वहीं कुछ लोगों ने इसे ड्रीम जॉब बताया, क्योंकि इससे शहरों की प्रतिस्पर्धा और ऑफिस की राजनीति से दूर रहने का मौका मिलता है.
48 घंटे में आए 1000 से ज्यादा आवेदन
फार्म के मालिक 45 वर्षीय जुओ शियाओयोंग के मुताबिक, विज्ञापन जारी होने के दो दिन के भीतर ही 1000 से ज्यादा आवेदन मिल गए. इनमें करीब 10% ऐसे उम्मीदवार थे, जिनके पास यूनिवर्सिटी डिग्री थी. आवेदन करने वालों में किसान, फैक्ट्री कर्मचारी और बड़े शहरों के हालिया ग्रेजुएट्स शामिल थे.
युवाओं के सामने बढ़ रही नौकरी की चुनौती
चीन में इस समय युवाओं के लिए नौकरी पाना आसान नहीं है. देश में शहरी युवाओं की बेरोजगारी दर 16.3% बताई जा रही है. इसी साल रिकॉर्ड 1.27 करोड़ छात्र यूनिवर्सिटी से पास आउट हो रहे हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा और बढ़ गई है. भर्ती प्लेटफॉर्म लाइपिन के आंकड़ों के अनुसार, 2024 से 2025 के बीच मास्टर्स डिग्री होल्डर्स के लिए उपलब्ध नौकरियों का हिस्सा घटा है.
सुनने में आसान, लेकिन काम बेहद कठिन
हालांकि सोशल मीडिया पर इस नौकरी को लेकर रोमांच दिखाई दिया, लेकिन हकीकत कुछ और है. चयनित कर्मचारियों को लगभग 50 वर्ग मील क्षेत्र में फैली 3000 भेड़ों की देखभाल करनी होगी. उनका काम भेड़ों को चराना, खाना खिलाना और उनकी गिनती करना होगा. इसके लिए घोड़े या मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करना पड़ सकता है. सबसे बड़ी चुनौती है कि यहां इंसानों से लगभग कोई संपर्क नहीं होगा.
नौकरी के लिए तैयार था युवा ग्रेजुएट
जुओ ने बताया कि एक आवेदन ने उन्हें खास तौर पर चौंकाया. दक्षिणी चीन का एक युवा ग्रेजुएट इस नौकरी के लिए काफी उत्साहित था. उसे बताया गया कि वहां आसपास कोई लोग नहीं होंगे और सामाजिक जीवन लगभग खत्म हो जाएगा. इसके बावजूद युवक का जवाब था कि वह पहले नौकरी और कमाई पर ध्यान देना चाहता है.
आखिर किसे मिली नौकरी?
आखिरी में फार्म मालिक ने एक ऐसे दंपती को नौकरी दी, जिन्हें पहले से भेड़ चराने का अनुभव था. दोनों को मिलाकर सालाना करीब 2 लाख युआन (करीब 24 लाख रुपए) का पैकेज दिया गया. हालांकि अब सोशल मीडिया का उत्साह धीरे-धीरे कम हो रहा है और लोग समझने लगे हैं कि यह कोई छुट्टी मनाने जैसा काम नहीं, बल्कि बेहद मेहनत वाला पेशा है.
ये भी पढ़ें