Moringa Flower Sajee recipe
Moringa Flower Sajee recipe
सहजन यानी मोरिंगा की फलियों की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या कभी इसके फूलों की सब्जी बनाई है? सहजन के फूलों से भी बहुत स्वादिष्ट सब्जी तैयार की जा सकती है. इसका स्वाद बाकी सब्जियों से थोड़ा अलग होता है. कई घरों में मोरिंगा के फूलों को प्याज और मसालों के साथ भूनकर बनाया जाता है. अगर आपके घर में बच्चे सब्जी खाने में आनाकानी करते हैं, तो इस बार उन्हें मोरिंगा के फूलों की सब्जी बनाकर खिलाएं. इसे रोटी या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
मोरिंगा के फूल की सब्जी बनाने के लिए आपको चाहिए-
2 कप मोरिंगा के ताजे फूल
1 बारीक कटा प्याज
1 टमाटर
1 हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
आधा छोटा चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच हल्दी
आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
एक चुटकी गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
थोड़ा सा हरा धनिया
सबसे पहले फूलों की करें सफाई
सब्जी बनाने से पहले मोरिंगा के फूलों को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है. फूलों को डंठल से अलग कर लें और पीले या खराब फूल निकाल दें. अब इन्हें पानी में डालकर हल्के हाथों से धो लें. फूलों में मिट्टी या छोटे कीड़े हो सकते हैं, इसलिए इन्हें ध्यान से साफ करें. इसके बाद छलनी में रखकर पानी अच्छी तरह निकलने दें.
इस तरह तैयार करें मोरिंगा के फूल की सब्जी
सबसे पहले कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें जीरा डालें. अब बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं. अब इसमें टमाटर डालें और साथ में हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक मिला दें. मसालों को तब तक पकाएं, जब तक टमाटर नरम होकर अच्छी तरह गल न जाए. अब साफ किए हुए मोरिंगा के फूल कड़ाही में डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिला लें.
कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर फूलों को पकने दें. बीच-बीच में सब्जी चलाते रहें, ताकि वह नीचे चिपके नहीं. फूल नरम हो जाएं, तो ढक्कन हटाकर कुछ देर भूनें. आखिर में चुटकी भर गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिला दें. तैयार है मोरिंगा के फूलों की स्वादिष्ट सब्जी.
रोटी और दाल-चावल के साथ करें सर्व
मोरिंगा के फूल की सब्जी को गरमागरम रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोस सकती हैं. अगर आपको सूखी सब्जी पसंद है, तो इसे थोड़ी देर खुली कड़ाही में भून लें. वहीं, हल्की ग्रेवी पसंद करने पर मसाला बनाते समय थोड़ा पानी मिला सकती हैं. इस तरह घर में मिलने वाले सहजन के फूलों से एक अलग और स्वादिष्ट सब्जी तैयार हो जाएगी.
ये भी पढ़ें