25 मई से लगेगा नौतपा
25 मई से लगेगा नौतपा
उत्तर भारत में जेठ के महीने की तपती गर्मी के बीच अब नौतपा शुरू होने जा रहा है. इस साल नौतपा 25 मई से शुरू होकर 4 जून तक रहेगा. इन 9 दिनों में सूरज की तेज किरणें और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर देती हैं. तापमान लगातार बढ़ने से शरीर में पानी की कमी, कमजोरी, चक्कर, सिरदर्द और पाचन संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं. ऐसे में डॉक्टर और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं ताकि शरीर अंदर से ठंडा और हाइड्रेटेड बना रहे. तो चलिए आपको बताते हैं कि लू से बचने के क्या खाएं और किन चीजों से परहेज करें.
नौतपा में क्या खाना है जरूरी
गर्मी के इस मौसम में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन सबसे बेहतर माना जाता है. ऐसे खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करना चाहिए जिसमें पानी की मात्रा अधिक हो.
पानी से भरपूर फल और सब्जियां
नौतपा के दौरान तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी और संतरा जैसे मौसमी फलों का सेवन शरीर को ठंडक देता है. इनमें 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है, जिससे शरीर में फ्लूइड बैलेंस बना रहता है. वहीं लौकी, तोरई, कद्दू और टिंडा जैसी हरी सब्जियां पेट के लिए हल्की होती हैं और पाचन को भी बेहतर बनाती हैं.
देसी ड्रिंक्स से मिलेगी राहत
गर्मी में बाजार के कोल्ड ड्रिंक्स और पैक्ड जूस की बजाय घर के बने पारंपरिक पेय ज्यादा फायदेमंद होते हैं.
छाछ और दही
दोपहर के भोजन में पुदीना और भुना जीरा डालकर बनाई गई छाछ या दही का सेवन शरीर को ठंडक देता है. इससे पाचन भी मजबूत रहता है.
आम पन्ना और सत्तू
कच्चे आम से बना आम पन्ना लू से बचाने में बेहद कारगर माना जाता है. वहीं चने का सत्तू शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने के साथ ठंडक भी पहुंचाता है.
नारियल पानी और नींबू पानी
ये दोनों पेय शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करते हैं और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करते हैं.
किन चीजों से करें परहेज
नौतपा के दौरान ज्यादा मसालेदार, तला-भुना और प्रोसेस्ड फूड खाने से पेट में गर्मी और एसिडिटी बढ़ सकती है. इसके अलावा चाय और कॉफी का अधिक सेवन शरीर में पानी की कमी पैदा कर सकता है. ज्यादा मीठे ड्रिंक और शराब भी डिहाइड्रेशन बढ़ाते हैं. गर्मियों में बासी और खुले भोजन से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए हमेशा ताजा भोजन ही खाना चाहिए.
ये भी पढ़ें: