AI Generated Image
AI Generated Image
रेलवे से पार्सल भेजते समय अक्सर लोगों को फिक्र लगी रहती है उनका पार्सल कहां तक पहुंचा. अगर सामान देर से पहुंचे या कहीं खो जाए, तो रेलवे दफ्तर के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं. लेकिन अब रेलवे पार्सल सर्विस को पहले से ज्यादा आसान बनाने की तैयारी कर रहा है. साथ ही जल्द ही आप अपने मोबाइल से ही अपने पार्सल की पूरी जानकारी देख सकेंगे.
अभी अगर रेलवे से भेजा गया सामान समय पर नहीं पहुंचता, तो लोगों को काफी परेशानी होती है. कई बार यह भी पता नहीं चलता कि सामान किस स्टेशन पर रुका है. नए सिस्टम आने के बाद हर पार्सल पर नजर रखी जाएगी. इससे अगर सामान कहीं अटक जाए या गलत जगह चला जाए, तो उसे जल्दी ढूंढ़ा जा सकेगा.
रेलवे अपने पार्सल सर्विस को और बेहतर बना रहा है. इसके बाद पार्सल बुक होने से लेकर डिलिवरी तक की हर जानकारी मोबाइल ऐप, एसएमएस और ईमेल पर मिलेगी. यानी आपको बार-बार रेलवे पार्सल ऑफिस जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर बैठे ही पता चल जाएगा कि आपका सामान कहां पहुंचा है.
अगर आपका पार्सल तय समय पर नहीं पहुंचता, तो सबसे पहले अपनी बुकिंग की स्लिप और पार्सल नंबर संभालकर रखें. इसी नंबर से आप अपने पार्सल की जानकारी देख सकेंगे. अगर कहीं गड़बड़ी दिखे, तो तुरंत रेलवे पार्सल ऑफिस में शिकायत करें. नए सिस्टम शुरू होने के बाद शिकायत की जानकारी भी मोबाइल पर मिल सकेगी और सामान ढूंढ़ना पहले से आसान हो जाएगा.
रेलवे पार्सल पर खास इलेक्ट्रॉनिक टैग (RFID) लगाने की तैयारी कर रहा है. इसकी मदद से यह पता लगाया जा सकेगा कि सामान इस समय किस स्टेशन पर है. इससे पार्सल गलत जगह जाने या खोने की संभावना कम होगी.
रेलवे पार्सल रखने की जगहों को भी पहले से बेहतर बना रहा है. सामान रखने के लिए अच्छे गोदाम बनाए जाएंगे. प्लेटफॉर्म तक सामान पहुंचाने के लिए छोटी बैटरी वाली गाड़ियों का इस्तेमाल होगा. जल्दी खराब होने वाले सामान के लिए क्लोड स्टोरेज की भी सुविधा होगी, ताकि सामान सेफ रहे.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद पार्सल भेजना और उसकी जानकारी लेना पहले से बहुत आसान हो जाएगा. सबसे बड़ी बात यह है कि आपका सामान कहां है, इसकी जानकारी आपके मोबाइल पर मिलती रहेगी. इससे अगर पार्सल खो जाए या देर हो जाए, तो उसे ढूंढ़ना और वापस पाना पहले से आसान हो सकता है.