How To Get Rid Of Bhang Hangover
How To Get Rid Of Bhang Hangover
होली का त्योहार रंगों, उमंग और खुशियों से भरा होता है. इस दिन घर-घर में गुजिया, मालपुआ और ठंडाई जैसी पारंपरिक चीजें बनाई जाती हैं. ठंडाई में कई लोग भांग मिलाकर पीते हैं, जो कुछ समय बाद नशे का कारण बन जाती है. आमतौर पर यह नशा हल्का होता है, लेकिन कई बार मात्रा ज्यादा हो जाने पर व्यक्ति बेचैनी, घबराहट या असहज महसूस करने लगता है और खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाता.
अगर किसी को भांग का नशा ज्यादा चढ़ जाए, तो सबसे जरूरी है घबराना नहीं. ज्यादातर मामलों में यह नशा कुछ समय बाद अपने आप उतर जाता है, लेकिन घरेलू उपाय अपनाकर राहत जल्दी पाई जा सकती है. सही खानपान और कुछ आसान देसी नुस्खे नशे के असर को कम करने में मदद करते हैं.
खट्टी चीजें नशा उतारने में करती हैं मदद
भांग का नशा उतारने के लिए खट्टी चीजों का सेवन काफी असरदार माना जाता है. नींबू पर काला नमक लगाकर चटवाने से शरीर में ताजगी आती है और नशा धीरे-धीरे कम होने लगता है. इसके अलावा संतरा, मौसमी, अंगूर या अनार जैसे खट्टे फलों का ताजा जूस भी दिया जा सकता है. ये चीजें पाचन को बेहतर बनाती हैं और नशे का असर हल्का करती हैं.
इमली को भांग के नशे से राहत पाने का पुराना घरेलू उपाय माना जाता है. इसके लिए इमली को पानी में उबालें और उसमें थोड़ा गुड़ मिलाएं. इस पानी को पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और नशा कम होने लगता है. यह उपाय खासतौर पर तब उपयोगी होता है, जब व्यक्ति बेचैनी या भारीपन महसूस कर रहा हो.
घी या मक्खन हो सकता है फायदेमंद
अगर भांग का नशा बहुत ज्यादा हो जाए और व्यक्ति असहज महसूस करे, तो थोड़ी मात्रा में देसी घी देना लाभकारी हो सकता है. माना जाता है कि घी नशे के असर को संतुलित करने में मदद करता है. अगर घी उपलब्ध न हो, तो मक्खन भी दिया जा सकता है. इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और व्यक्ति को कुछ राहत महसूस होती है.
बेहोशी की हालत में सरसों का तेल आए काम
कभी-कभी भांग का नशा इतना ज्यादा हो जाता है कि व्यक्ति सुस्त या अर्ध-बेहोशी की स्थिति में चला जाता है. ऐसे में घबराने के बजाय सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. सरसों के तेल को हल्का गुनगुना करके व्यक्ति के दोनों कानों में कुछ बूंदें डालने से होश आने में मदद मिल सकती है. यह एक पारंपरिक घरेलू तरीका है, जिसे सावधानी के साथ अपनाया जाता है.