viral baby daddy reveal (Photo: Representational )
viral baby daddy reveal (Photo: Representational )
अब तक आपने ब्रेकअप पार्टी, बैचलर पार्टी, बेबी शॉवर और जेंडर रिवील पार्टी के बारे में सुना होगा. लेकिन क्या कभी ऐसी पार्टी के बारे में सुना है, जहां मेहमानों के सामने यह पता लगाया जाए कि होने वाले बच्चे का पिता आखिर है कौन? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसी ही पार्टी की तस्वीरें और वीडियो वायरल हैं, जिसने लोगों को हैरान भी किया है.
पार्टी में पहुंचे बच्चे के दो संभावित पिता
वायरल तस्वीरों में एक प्रेग्नेंट महिला दो पुरुषों के बीच खड़ी नजर आती है. दोनों ने एक जैसे रंग के सूट पहन रखे हैं. पीछे बड़े अक्षरों में लिखा है- 'Who's My Baby Daddy?' यानी "मेरे बच्चे का पिता कौन है?
बताया जा रहा है कि महिला ने दोनों संभावित पिताओं को एक ही पार्टी में बुलाया और वहीं ब्लड टेस्ट के जरिए यह पता लगाने की तैयारी की कि आखिर बच्चे का असली पिता कौन है. आमतौर पर जहां ऐसी बातें परिवार के दायरे में रहती हैं, वहीं इस महिला ने इसे सार्वजनिक समारोह बना दिया.
खुद बनी 'टीम रेड', परिवार ने थामी दूसरी टीम
पार्टी में महिला ने खुद को टीम रेड का हिस्सा बताया, जबकि उसके परिवार के कई सदस्य टीम ब्लू का सपोर्ट करते दिखे. इससे लोगों ने अंदाजा लगाया कि महिला और उसका परिवार अलग-अलग व्यक्ति को बच्चे का पिता मान रहे थे. पूरे इवेंट को गेम शो जैसी थीम पर सजाया गया था, जिससे यह और ज्यादा चर्चा में आ गया.
सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस
जैसे ही तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर पहुंचे, देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गए. कुछ यूजर्स ने कहा कि कम से कम महिला ने सच छिपाने के बजाय खुलकर सामने आने का फैसला किया. वहीं कई लोगों ने इसे रिश्तों की गंभीरता का मजाक बताते हुए कहा कि अब निजी जिंदगी भी सोशल मीडिया कंटेंट बनती जा रही है.
कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब जेंडर रिवील पार्टी पुरानी हो गई, नया ट्रेंड 'बेबी डैडी रिवील' है. वहीं कुछ ने इसे आधुनिक दौर का सबसे अजीब सेलिब्रेशन करार दिया.
सच या सिर्फ वायरल होने का तरीका?
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर कई लोगों ने सवाल भी उठाए हैं. कुछ यूजर्स का मानना है कि यह सब सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया गया स्टंट भी हो सकता है. एक ने लिखा- कल्पना कीजिए कि रिजल्ट आ गए हैं और इन दोनों में से कोई बच्चे का पिता न निकले. एक अन्य यूजर ने लिखा- बाकी लोगों से क्यों नहीं पूछ लेती?