paneer Modak Recipe
paneer Modak Recipe
गणेश चतुर्थी आने में कुछ ही दिन रह गए हैं, इस दौरान भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है. हर साल घरों में पारंपरिक मोदक बनाए जाते हैं, लेकिन अगर इस बार आप कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो रसमलाई मोदक आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह मिठाई स्वाद में बेहद खास होने के साथ बनाने में भी काफी आसान है. इसे तैयार करने के लिए न तो घंटों दूध को गाढ़ा करना पड़ता है और न ही मावा भूनने की जरूरत होती है. तो चलिए आपको बताते हैं घर पर पनीर के मोदक की रेसिपी...
पनीर और केसर से तैयार होगा खास स्वाद
इस रेसिपी में ताजा पनीर, केसर वाला दूध, मिल्क पाउडर और मेवों का इस्तेमाल किया जाता है. सबसे पहले करीब 200 ग्राम ताजा पनीर लें और उसे छोटे टुकड़ों में तोड़ कर मिक्सी में डालें. 2 से 3 चम्मच गर्म दूध में कुछ केसर के धागे भिगोएं. जब दूध का रंग पीला हो जाए, तो इसे पनीर के साथ मिक्सी में डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें. इससे स्मूथ और क्रीमी पेस्ट तैयार हो जाएगा.
ऐसे तैयार करें मोदक का मिश्रण
अब धीमी आंच पर नॉन-स्टिक पैन रखें और इसमें एक छोटा चम्मच देसी घी डालें. घी गर्म होने पर पनीर और केसर का पेस्ट डालें. इसके बाद आधा कप मिल्क पाउडर और स्वाद के अनुसार 3 से 4 चम्मच पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें. चीनी घुलने के बाद मिश्रण थोड़ा पतला होगा. इसमें आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालें और करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर पैन छोड़ने लगे और डो जैसा बन जाए, तो गैस बंद कर दें.
मेवों से बढ़ाएं रसमलाई वाला स्वाद
मिश्रण को एक बाउल में निकालकर हल्का ठंडा करें. इसके बाद इसमें बारीक कटे काजू, बादाम, पिस्ता और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर मिश्रण को एकसार कर लें.
मोदक सांचे में दें खूबसूरत आकार
अब मोदक का सांचा लें और जरूरत हो तो उसमें थोड़ा घी लगाएं. तैयार मिश्रण को सांचे में भरकर दोनों तरफ से अच्छी तरह दबाएं. सांचा बंद करके मिश्रण को आकार दें और सावधानी से खोलें. इसी तरह सभी मोदक तैयार कर लें. आखिर में मोदक को चांदी के वर्क और मेवों से सजाएं. इस तरह तैयार हैं सॉफ्ट और स्वादिष्ट रसमलाई मोदक, जिन्हें आप बप्पा को भोग में चढ़ाकर परिवार के साथ खा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: