Seb Ka Halwa
Seb Ka Halwa
शारदीय नवरात्र में अगर आपका कुछ मीठा खाने का मन कर रहा है, तो सेब का हलवा एक अच्छा ऑप्शन है. यह हलवा खाने में टेस्टी होता है और इसे बनाने के लिए मावा की जरूरत भी नहीं पड़ती. सेब, दूध, घी और कुछ सूखे मेवों की मदद से आप घर पर आसानी से यह मिठाई तैयार कर सकते हैं.
इसकी खास बात यह है कि हलवा नरम और दानेदार बनता है. आप इसे व्रत में फलाहार के रूप में खा सकते हैं. चाहें तो मां दुर्गा को भोग लगाने के लिए भी बना सकते हैं.
सेब का हलवा बनाने के लिए इंग्रीडिएंट्स
सेब का हलवा बनाने के लिए आपको 4 से 5 ताजे सेब, 2 बड़े चम्मच देसी घी, 2 से ढाई कप फुल क्रीम दूध, आधा कप चीनी, काजू, बादाम और किशमिश जैसे सूखे मेवे और आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर की जरूरत होगी.
चीनी की क्वांटिटी आप अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा रख सकते हैं. अगर आप कम मीठा खाना पसंद करते हैं, तो चीनी डालना छोड़ भी सकते हैं.
कैसे तैयार करें सेब का हलवा
सबसे पहले सेब को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद उनका छिलका उतारकर कद्दूकस कर लें. सेब के बीज और बीच का सख्त हिस्सा निकालना न भूलें.
एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें. इसमें काजू, बादाम और किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद इन्हें एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें.
अब उसी कड़ाही में कद्दूकस किए हुए सेब डालें. इन्हें मध्यम या धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. इससे सेब कड़ाही में चिपकेंगे नहीं और अच्छी तरह पक जाएंगे.
चीनी और दूध से बढ़ाएं स्वाद
अब इसमें स्वाद के अनुसार चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. चीनी घुलने के बाद दूध डालें और मिक्सचर को लगातार चलाते हुए पकाएं. दूध थोड़ा फटा हुआ दिखाई दे सकता है, लेकिन इस रेसिपी में ऐसा होना आम है.
मेवों से आएगी रिचनेस
जब सेब दूध को सोखने लगे और हलवा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर और भुने हुए सूखे मेवे मिला दें. कुछ देर और पकाएं, जब तक हलवा दानेदार न हो जाए.
गरमा-गरम परोसें सेब का हलवा
आपका टेस्टी सेब का हलवा तैयार है. इसे गरमा-गरम परोसें और चाहें तो ऊपर से थोड़े सूखे मेवे डालकर सजाएं. नवरात्र में मां दुर्गा को भोग लगाने के लिए भी इसे बनाया जा सकता है.