Matar Idli Recipe
Matar Idli Recipe
दक्षिण भारत की पारंपरिक डिश इडली अब केवल दक्षिण भारतीय रसोई तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे देश और दुनिया में लोकप्रिय हो चुकी है. हल्की, मुलायम और भाप में पकने वाली यह डिश नाश्ते के लिए बेहतरीन मानी जाती है. इडली में तेल का इस्तेमाल बहुत कम होता है, इसलिए इसे हेल्दी फूड की श्रेणी में रखा जाता है. यही कारण है कि इसे पचाना आसान होता है और बच्चे से लेकर बड़े तक सभी इसे बड़े चाव से खाते हैं.
आमतौर पर इडली बनाने के लिए चावल और उड़द दाल का उपयोग किया जाता है, लेकिन अगर आप स्वाद में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो हरी मटर से बनी इडली एक शानदार ऑप्शन हो सकती है. सर्दियों के अंत में जब ताजी मटर आसानी से मिल जाती है, तब यह डिश और भी स्वादिष्ट बन जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाना भी बहुत मुश्किल नहीं है और लगभग 30 से 45 मिनट में यह तैयार हो जाती है.
मटर इडली बनाने के लिए जरूरी सामग्री
मटर इडली बनाने के लिए आपको कुछ सामान्य सामग्री की जरूरत होती है. इसके लिए 250 ग्राम हरी मटर, 2 कप सूजी, 1 कप दही, 1 कप पानी, 2 चम्मच तेल, अदरक का छोटा टुकड़ा, 2 से 3 हरी मिर्च, बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक लें. इसके अलावा इडली को फूला और मुलायम बनाने के लिए थोड़ा ईनो भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
मटर इडली बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले हरी मटर को मिक्सर जार में डालें. इसके साथ अदरक और हरी मिर्च भी डाल दें. अब इसमें थोड़ा पानी डालकर इसे दरदरा या महीन पीस लें. इसके बाद एक बड़े बर्तन में मटर का पेस्ट निकाल लें और उसमें सूजी, दही, बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण को लगभग 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए. जब बैटर तैयार हो जाए तो उसे हल्के हाथ से चला लें. यदि मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है.
अब स्टीमर में पानी गर्म करें और इडली का सांचा तैयार रखें. बैटर में थोड़ा ईनो डालकर ऊपर से एक चम्मच पानी डालें और हल्के से मिला दें. झाग बनने लगे तो तुरंत इस घोल को इडली के सांचों में भर दें. सांचों को स्टीमर में रखकर मध्यम आंच पर 12 से 15 मिनट तक पकाएं. तय समय के बाद गैस बंद कर दें और इडली को थोड़ा ठंडा होने दें. आपकी नरम और स्वादिष्ट मटर इडली तैयार है.
नारियल चटनी के लिए जरूरी सामग्री
इडली के साथ नारियल चटनी का स्वाद इसे और भी खास बना देता है. इसके लिए एक ताजा नारियल, 2–3 हरी मिर्च, 20–25 करी पत्ते, एक चम्मच हरा धनिया, एक छोटा चम्मच जीरा, एक छोटा चम्मच नींबू रस, एक छोटा चम्मच भुना चना, स्वादानुसार नमक और थोड़ा पानी लें. तड़के के लिए एक छोटा चम्मच राई और लगभग डेढ़ चम्मच तेल की जरूरत होगी.
कैसे बनाएं नारियल चटनी
सबसे पहले नारियल को टुकड़ों में काटकर मिक्सर में डालें. इसके साथ हरी मिर्च, हरा धनिया, पुटानी, कुछ करी पत्ते, नमक, नींबू रस और थोड़ा पानी डालकर इसे दरदरा पीस लें. तैयार चटनी को एक कटोरी में निकाल लें. अब एक पैन में तेल गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें राई डालें. राई के चटकने के बाद इसमें करी पत्ते डालें और 5 से 7 सेकंड बाद गैस बंद कर दें. इस तड़के को चटनी के ऊपर डालकर अच्छी तरह मिला लें.
गरमागरम मटर इडली को सांभर और ताजी नारियल चटनी के साथ परोसें. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है, इसलिए नाश्ते या हल्के खाने के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है.