scorecardresearch

Kacche Aam Ka Achar: दादी-नानी के नुस्खे से बनाएं आम का अचार.. एक बार करें तैयार चलेगा महीनों तक, जानें रेसिपी

आज भले ही बाजार में कई कंपनियों के अचार मिलते हों, लेकिन घर में बने अचार का स्वाद और शुद्धता अब भी सबसे अलग मानी जाती है.

Mango pickle Mango pickle

इंडियन किचन में अचार सिर्फ एक साइड डिश नहीं, बल्कि यादों और स्वाद का ऐसा खजाना है जो पीढ़ियों से चला आ रहा है. अक्सर लोगों को दादी-नानी के हाथों से बने उस खट्टे-मीठे और चटपटे आम के अचार की याद आती है, जिसकी खुशबू और स्वाद सालों तक बरकरार रहता था. उनका मिट्टी या कांच की बरनी में रखा अचार महीनों तक ताजा रहता था और हर भोजन को खास बना देता था. आज भले ही बाजार में कई कंपनियों के अचार मिलते हों, लेकिन घर में बने अचार का स्वाद और शुद्धता अब भी सबसे अलग मानी जाती है. ऐसे में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप आम का आचार बना सकते हैं, जो सबका फेवरेट होता है.

आम का अचार बनाने के लिए सामग्री
आम का अचार बनाने के लिए सबसे पहले अच्छे और सख्त कच्चे आम जरूरी हैं. आम के अलावा इसमें पीली सरसों या राई दाल, मेथी दाना, सौंफ, कलौंजी, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और पर्याप्त मात्रा में सरसों का तेल इस्तेमाल किया जाता है. कुछ लोग अचार को ज्यादा समय तक सुरक्षित रखने के लिए थोड़ा सा सिरका भी डालते हैं. इन मसालों का सही संतुलन ही अचार के स्वाद को खास बनाता है और इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है.

पारंपरिक तरीके से आम का अचार बनाने की विधि
अचार बनाने के लिए पहले आमों को अच्छी तरह से धो लें. धोने के बाद उन्हें कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लिया जाता है ताकि उनमें नमी न रहे. इसके बाद आमों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. कटे हुए आमों को कुछ घंटों के लिए धूप में फैला दिया जाता है ताकि उनमें मौजूद अतिरिक्त नमी खत्म हो जाए.

इसके बाद मेथी दाना, सौंफ और पीली सरसों को हल्की आंच पर थोड़ा सा भून लिया जाता है, जिससे उनकी खुशबू बढ़ जाती है और नमी खत्म हो जाती है. जब ये मसाले ठंडे हो जाएं तो इन्हें हल्का दरदरा पीस लिया जाता है. मसालों को बारीक पाउडर नहीं बनाना चाहिए, क्योंकि दरदरे मसाले ही अचार को पारंपरिक स्वाद देते हैं.

अब एक बड़े बर्तन में सूखे हुए आम के टुकड़ों को रखें और उसमें पिसे हुए मसाले, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. दूसरी तरफ सरसों के तेल को तब तक गरम किया जाता है जब तक उसमें हल्का धुआं न उठने लगे। इसके बाद तेल को पूरी तरह ठंडा करने के बाद आम के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला लें.

अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का तरीका
तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार या बरनी में भरकर ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दिया जाता है. इसके बाद जार को लगभग एक हफ्ते से दस दिन तक धूप में रखा जाता है. धूप में रखने से आम धीरे-धीरे गलते हैं और मसाले अपना पूरा स्वाद छोड़ देते हैं. रोजाना जार को हल्का हिलाने से मसाले और तेल अच्छी तरह मिल जाते हैं और अचार समान रूप से तैयार होता है. कुछ दिनों बाद यह अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है और लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.