Cucumber Recipe
Cucumber Recipe
गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना सबसे जरूरी होता है. ऐसे में खीरा एक ऐसा सुपरफूड है, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता और पेट को भी हल्का रखता है. यही वजह है कि गर्मियों में लोग इसे अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाते हैं. अच्छी बात यह है कि इस मौसम में खीरा आसानी से और कम कीमत में मिल जाता है. ज्यादातर लोग इसे सलाद के रूप में खाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो खीरे से कई शानदार रेसिपीज बनाई जा सकती हैं. ये रेसिपीज टेस्ट के साथ-साथ हेल्थ का भी पूरा ध्यान रखती हैं.
ठंडक से भरा खीरे का रायता
गर्मियों में खीरे का रायता खाने का मजा ही अलग होता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले दही को अच्छे से फेंट लें. फिर इसमें कद्दूकस किया हुआ या बारीक कटा खीरा डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, भुना जीरा, काला नमक, चाट मसाला और थोड़ा हरा धनिया मिला लें. अगर आप इसे और ज्यादा ठंडा बनाना चाहते हैं तो इसमें कुछ बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं. यह रायता खाने के साथ काफी टेस्टी लगता है और गर्मी से राहत दिलाता है.
गर्मी भगाएगा खीरा लेमनेड
अगर आप रोजाना नींबू पानी से बोर हो चुके हैं तो इस बार खीरा लेमनेड जरूर ट्राई करें. इसके लिए खीरे के टुकड़ों को मिक्सर में डालें और साथ में पुदीने के पत्ते, चीनी, भुना जीरा, काला नमक, टेबल सॉल्ट, धनिया पाउडर और नींबू का रस मिलाएं. अब इसमें ठंडा पानी डालकर अच्छे से ब्लेंड करें और छान लें. बर्फ डालकर इसे सर्व करें. यह ड्रिंक शरीर को तुरंत ठंडक पहुंचाती है और फौरन फ्रेश महसूस कराती है.
हेल्दी और फ्रेश खीरा स्मूदी
अगर आप हेल्दी ड्रिंक पसंद करते हैं तो खीरे की स्मूदी आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकती है. इसे बनाने के लिए खीरे को बड़े टुकड़ों में काट लें और धनिया पत्ती व थोड़ा पानी डालकर ब्लेंड करें. अब इसमें पिंक सॉल्ट, काली मिर्च और बर्फ के टुकड़े मिलाएं. यह स्मूदी पीने में बहुत हल्की और ताजगी से भरपूर लगती है. साथ ही यह शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करती है.
बच्चों के लंच में बाधें खीरा सैंडविच
गर्मियों में हल्का और झटपट बनने वाला खाना चाहिए तो खीरा सैंडविच एक बढ़िया ऑप्शन है. ब्रेड पर क्रीम चीज या हरी चटनी लगाएं और फिर उस पर पतले कटे खीरे और टमाटर रखें. ऊपर से थोड़ी काली मिर्च छिड़क दें. यह सैंडविच टेस्टी होने के साथ हेल्दी भी होता है. बच्चों के टिफिन के लिए भी यह एक अच्छा ऑप्शन है.