scorecardresearch

रोटी बनाते ही हो जाती है सख्त? आटा गूंथने से लेकर सेंकने तक अपनाएं ये टिप्स, घंटों रहेगी मुलायम और फूली हुई!

How to make soft rotis: अक्सर लोग जल्दबाजी में आटा गूंथते हैं या फिर तवे पर रोटी को जरूरत से ज्यादा सेंक देते हैं. इससे चपातियों की नमी खत्म हो जाती है और वे ठंडी होने के बाद सख्त हो जाती हैं. अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर हर बार मुलायम और फूली हुई चपातियां बना सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...

Advertisement
How to make soft rotis How to make soft rotis

दाल हो या सब्जी, नरम रोटियों के साथ खाने का स्वाद ही अलग होता है. लेकिन कई बार घर पर पूरी मेहनत करने के बाद भी चपातियां सख्त, रबड़ जैसी या फिर ज्यादा नरम होकर टूटने लगती हैं. इसकी वजह सिर्फ आटे की क्वालिटी नहीं, बल्कि आटा गूंथने से लेकर चपाती सेंकने तक की कुछ छोटी-छोटी गलतियां भी हो सकती हैं. अक्सर लोग जल्दबाजी में आटा गूंथते हैं या फिर तवे पर रोटी को जरूरत से ज्यादा सेंक देते हैं. इससे चपातियों की नमी खत्म हो जाती है और वे ठंडी होने के बाद सख्त हो जाती हैं. अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर हर बार मुलायम और फूली हुई चपातियां बना सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...

आटा गूंथते समय न करें ये गलती
मुलायम चपातियां बनाने के लिए आटा गूंथने का तरीका बहुत मायने रखता है. इसके लिए सामान्य पानी की जगह हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. पानी को एक साथ डालने के बजाय धीरे-धीरे मिलाएं. आटे को करीब 8 से 10 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें. इससे आटा चिकना और लचीला बनेगा. ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत चिपचिपा.

आटा गूंथने के तुरंत बाद न बनाएं रोटी
कई लोग आटा गूंथते ही चपातियां बनाने लगते हैं. ऐसा करने से रोटियां ठीक से नरम नहीं बनतीं. आटे पर थोड़ा घी या तेल लगाकर गीले सूती कपड़े से ढक दें. इसे कम से कम 20 से 30 मिनट तक रखा रहने दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और चपातियां मुलायम बनती हैं.

ज्यादा सूखा आटा लगाने से बचें
चपाती बेलते समय ज्यादा सूखा आटा लगाने से रोटी पकने के बाद सख्त हो सकती है. दरअसल, अतिरिक्त सूखा आटा चपाती की नमी सोख लेता है. इसलिए रोटी बेलते समय कम से कम सूखा आटा इस्तेमाल करें. इसे हल्के हाथों से और बराबर दबाव डालकर बेलें.

तवे का तापमान रखें सही
चपातियां बनाने के लिए तवे का सही गर्म होना जरूरी है. ठंडे तवे पर रोटी रखने से वह देर तक सिकती है और सख्त हो सकती है. वहीं बहुत गर्म तवे पर रोटी बाहर से जल जाती है और अंदर से कच्ची रह सकती है. इसलिए तवे को मीडियम से तेज आंच पर गर्म करें. रोटी पर छोटे बुलबुले दिखने लगें, तो उसे पलट दें. दोनों तरफ हल्के भूरे निशान आने तक ही सेंकें.

पकने के बाद चपातियों को ऐसे रखें
चपाती को तवे से उतारने के बाद खुली प्लेट में न छोड़ें. ऐसा करने से उसकी नमी खत्म होने लगती है और वह सूखकर सख्त हो जाती है. इसके बजाय चपातियों को किसी डिब्बे या ढके हुए बर्तन में सूती कपड़े के साथ रखें. इससे भाप बनी रहती है और रोटियां लंबे समय तक नरम रहती हैं.

ये भी पढ़ें: