scorecardresearch

How To Clean Matka: ऐसे करें मटके की सफाई, बढ़ेगी पानी की ठंडाई.. डिटर्जेंट की जगह नमक को बनाएं क्लीनिंग एजेंट

जब मटका पानी को कम ठंडा करने लगता है, तो लोगों को इसके पीछे का कारण पता नहीं होता. ऐसे में इन टिप्स को अपना मटके की सफाई करने से ठंडाई वापस लौट सकती है.

How To Clean Matka How To Clean Matka

गर्मियों के मौसम में लोग गले की प्यास बूझाने के लिए ठंडे पानी का सहारा लेते हैं. एक दौर था जब ठंडे पानी के लिए मटके इस्तेमाल होते थे, फिर फ्रिज ने उनकी जगह ले ली. लेकिन अब दोबारा लोग ठंडे पाने के लिए फ्रिज की जगह मटकों को अपनी पसंद बना रहे हैं. इसकी वजह हैं कि मटके का पानी बहुत ठंडा न होने की जगह शीतल होता है, और प्यास को आराम से बुझाता है.

मटके का पानी स्वाद में हल्का मीठा लगता है और सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. लेकिन लोगों की शिकायत रहती है कि कुछ समय बाद उनके मटके का पानी उतना ठंडा नहीं रहता, जितना पहले होता था. यानी मटका अब पानी को कम ठंडा कर रहा है. दरअसल गलती इसमें मटके की नहीं, बल्कि उसकी ठीक तरह से सफाई न होना है.

अक्सर लोग यह सोचते हैं कि नए और पुराने मटके को अलग-अलग तरीके से साफ करना चाहिए, लेकिन ये धारणा गलत है. दोनों ही तरह के मटकों को एक ही तरीके से साफ किया जा सकता है. दरअसल मटका जिस कूलिंग सिस्टम से काम करता है, उसमें उसकी सतह पर मौजूद छोटे-छोटे छेद पानी की नमी को दूर करते है, और पानी को ठंडा करते हैं. लेकिन अगर किसी वजह से ये छेद बंद हो जाए, तो मटके का कूलिंग सिस्टम डाउन हो जाता है. जिससे वह ठीक से पानी ठंडा नहीं कर पाता. ऐसे में सफाई का सही तरीका जानना बेहद जरूरी है.

अंदर स्क्रबर से न करें सफाई
मटका साफ करते समय लोग अक्सर अंदर हाथ डालकर या स्क्रबर से रगड़कर सफाई करते हैं, जो कि गलत तरीका है. हमारे हाथों में मौजूद तेल और पसीना मटके के छेदों को बंद कर देता है. इससे उसकी कूलिंग पावर कम हो जाती है. सही तरीका यह है कि मटके में पानी भरकर उसे अच्छे से हिलाएं और कई बार खंगालें. इससे अंदर की गंदगी बिना नुकसान के साफ हो जाती है.

फौरन न भरे पानी
सफाई के बाद मटके को तुरंत इस्तेमाल करना भी एक गलती है. बेहतर रिजल्ट के लिए मटके को धोने के बाद उसमें साफ पानी भरकर कम से कम 24 घंटे के लिए छोड़ दें. आप चाहें तो इसे पानी से भरी बाल्टी में भी रख सकते हैं. इससे मिट्टी अच्छी तरह सेट हो जाती है और अंदर की गंदगी भी निकल जाती हैं. अगले दिन उस पानी को फेंककर नया पानी भरें.

नमक से कर सकते हैं बाहरी सफाई
मटके के बाहरी हिस्से पर अक्सर सफेद परत जम जाती है, जो उसकी ठंडक कम कर देती है. इसे हटाने के लिए सादा नमक बेहद कारगर उपाय है. मटके के ऊपर नमक डालकर हल्के हाथों से रगड़ें, इससे जमी हुई गंदगी आसानी से साफ हो जाती है. नमक एक क्लीनर की तरह काम करता है. अंदर की सफाई के लिए भी हल्का नमक पानी में डालकर खंगाला जा सकता है.