How to store salt
How to store salt
How To Keep Salt Dry In Monsoon: बरसात का मौसम अपने साथ ठंडक और राहत लेकर आता है, लेकिन इस मौसम में रसोई से जुड़ी कई छोटी-छोटी परेशानियां भी बढ़ जाती हैं. इनमें सबसे आम समस्या नमक और चीनी का गीला होकर जम जाना है. कई बार नमक इतना चिपक जाता है कि उसे डिब्बे से निकालना भी मुश्किल हो जाता है. इसकी मुख्य वजह बारिश के मौसम में हवा में बढ़ी हुई नमी होती है. हालांकि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर नमक को लंबे समय तक सूखा और इस्तेमाल के लायक रखा जा सकता है.
बरसात में नमक जल्दी गीला क्यों हो जाता है?
मानसून के दौरान वातावरण में नमी यानी ह्यूमिडिटी काफी बढ़ जाती है. नमक की खासियत होती है कि वह हवा में मौजूद नमी को तेजी से अपनी ओर खींच लेता है. जब नमक का डिब्बा बार-बार खोला जाता है, तो हर बार नमी अंदर पहुंचती है और धीरे-धीरे पूरा नमक गीला होकर जमने लगता है. अगर कंटेनर अच्छी तरह बंद न हो या उसे नमी वाली जगह पर रखा जाए, तो यह समस्या और बढ़ सकती है.
नमक के डिब्बे में रखें चावल के दाने
बरसात में नमक को सूखा रखने का सबसे आसान और पुराना तरीका चावल के दाने हैं. चावल अतिरिक्त नमी को सोख लेते हैं, जिससे नमक लंबे समय तक सूखा रहता है. छोटे डिब्बे में कुछ दाने सीधे डाल सकते हैं. बड़े कंटेनर में चावल को कपड़े या पेपर पाउच में बांधकर रखना बेहतर माना जाता है.
कॉफी बीन्स भी हैं फायदेमंद
अगर घर में कॉफी बीन्स हैं, तो उनका भी इस्तेमाल किया जा सकता है. कॉफी बीन्स हवा की अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करती हैं. इससे नमक या चीनी के स्वाद पर भी कोई खास असर नहीं पड़ता.
लौंग का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
लौंग नमी कम करने में मददगार मानी जाती है. हालांकि इसकी तेज खुशबू नमक या चीनी में आ सकती है. इसलिए लौंग को किसी साफ कपड़े में बांधकर डिब्बे के अंदर रखना बेहतर रहेगा.
राजमा के दाने भी करेंगे मदद
सूखे राजमा के कुछ दाने भी अतिरिक्त नमी को सोखने का काम करते हैं. इसी कारण कई लोग मानसून में नमक और चीनी के डिब्बों में राजमा के दाने डालते हैं, जिससे उनमें नमी आने की संभावना कम हो जाती है.
एयरटाइट कंटेनर और सूखे चम्मच का करें इस्तेमाल
नमक को हमेशा अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट कंटेनर में रखें और इस्तेमाल के बाद ढक्कन तुरंत बंद कर दें. साथ ही नमक निकालने के लिए हमेशा पूरी तरह सूखे चम्मच का ही उपयोग करें. गीला या नम चम्मच इस्तेमाल करने से नमक जल्दी गीला होकर जम सकता है. इन आसान उपायों को अपनाकर आप पूरे मानसून के दौरान नमक को सूखा और सुरक्षित रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें: