Unnao News
Unnao News
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार सुबह सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली गई मशाला यात्रा के दौरान हादसा हो गया. बीजेपी विधायक बृजेश रावत इस हादसे में झुलस गए. विधायक रावत का हाथ मशाल में भारी केमिकल से जल गया. जबकि उनके बगल में खड़ी उन्नाव की जिला प्रभारी और राज्य मंत्री रजनी तिवारी बाल-बाल बच गई. आनन-फानन में कार्यकर्ताओं ने विधायक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया.
बीजेपी ने निकाली मशाल यात्रा-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 साल पूरे होने पर भाजपाइयों ने उन्नाव में सेवा संकल्प यात्रा अभियान कार्यक्रम को आयोजित किया. यह मशाल यात्रा कार्यक्रम उन्नाव के गांधीनगर चौराहे से शुरू किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव टेलीकास्ट देखने के बाद यात्रा की शुरुआत की गई.
मशाल से झुलसे विधायक-
इस यात्रा में मोहन विधानसभा के विधायक बृजेश रावत भी शामिल हुए. मशाल यात्रा के दौरान मशाल में केमिकल की मात्रा ज्यादा थी. विधायक बृजेश रावत मशाल के भारी केमिकल से जल गए. इस हादसे में उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं. वहीं, भाजपा के एक कार्यकर्ता मिलन पांडे भी घायल हो गए. जबकि उन्नाव जिला प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी हादसे में बाल बाल बच गई.
फौरन पहुंचाया गया अस्पताल-
घायल भाजपा विधायक और कार्यकर्ता को भाजपाइयों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया. उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनको डिस्चार्ज कर दिया गया. फिलहाल विधायक घर चले गए हैं. इस दौरान अस्पताल में भारी भीड़ लग गई. अस्पताल के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता जुट गए.
हाथी की खाल निकल गई है- रावत
बीजेपी विधायक बृजेश रावत ने बताया कि ज्योति मशाल यात्रा के दौरान मशाल में भारी केमिकल से उनके हाथ झुलस गए. उन्होंने बताया हाथों की खाल निकल गई है. डॉक्टरों ने इंजेक्शन दिया है.
ये भी पढ़ें: