scorecardresearch

Dry Cleaning At Home: इस तरह करें महंगे कपड़ों की सफाई.. जेब पर नहीं पड़ेगा भारी, ड्राई क्लीन की भी जरूरत नहीं

अक्सर लोग महंगे कपड़ों के खराब होने के डर से उन्हें ड्राई क्लीन करवाते हैं. लेकिन उसका बिल भी हल्का नहीं बैठता. ऐसे में आप इन टिप्स को अपना सकते हैं.

 Representative Image Representative Image

महंगे और नाजुक कपड़ों की देखभाल करना अक्सर लोगों के लिए चुनौती बन जाता है. साड़ी, ब्लेज़र, पार्टी वियर या सिल्क और जॉर्जेट जैसे डेलिकेट फैब्रिक वाले कपड़ों को घर पर धोना जोखिम भरा लगता है. ऐसे में ज्यादातर लोग ड्राई क्लीनिंग का सहारा लेते हैं, लेकिन बार-बार ऐसा करना काफी महंगा पड़ता है. कई बार तो कपड़ों की कीमत से ज्यादा उनकी देखभाल पर खर्च हो जाता है, जिससे लोग उन्हें कम पहनना ही बेहतर समझते हैं.

अब आपको हर बार महंगे ड्राई क्लीनिंग सर्विस पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप अपने कीमती कपड़ों को घर पर ही साफ और फ्रेश रख सकते हैं. यह तरीका न सिर्फ आपकी जेब बचाता है, बल्कि कपड़ों की क्वालिटी को भी लंबे समय तक बनाए रखता है.

अक्सर लोगों को लगता है कि नाजुक कपड़े पानी में खराब हो जाते हैं, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है. अगर सही तरीके और हल्के नेचुरल इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल किया जाए, तो इन कपड़ों को बिना नुकसान के साफ किया जा सकता है. जरूरी है कि आप उन्हें धीरे-धीरे और सावधानी से साफ करें.

नेचुरल क्लीनर से करें सफाई
घर पर कपड़े साफ करने के लिए आपको सिर्फ दो चीजों की जरूरत होगी, बेकिंग सोडा और विनेगर. हल्के गुनगुने पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा विनेगर मिलाकर एक घोल तैयार करें. यह मिक्सचर कपड़ों की गंदगी और बदबू को हटाने में मदद करता है और साथ ही फैब्रिक को नुकसान भी नहीं पहुंचाता.

बिना रगड़े भी मिलेंगे अच्छे रिजल्ट
कपड़ों को इस तैयार घोल में 10 से 15 मिनट तक भिगोकर रखें. इसके बाद उन्हें हल्के हाथों से पानी में हिलाएं. ध्यान रखें कि कपड़ों को जोर से रगड़ना नहीं है, खासकर अगर वे सिल्क या जॉर्जेट जैसे नाजुक फैब्रिक के हों. इस तरह से कपड़े धीरे-धीरे साफ हो जाते हैं और उनकी चमक बनी रहती है.

जिद्दी दाग हटाने का आसान तरीका
अगर कपड़ों पर कोई गहरा दाग है, तो उस हिस्से पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा लगाकर हल्के हाथों से साफ करें. इसके बाद साफ पानी से धो लें. इससे दाग भी निकल जाएगा और कपड़ों की क्वालिटी भी बनी रहेगी.