scorecardresearch

निकाह बना जंग का मैदान…बारात में गहने कम लाने पर दूल्हा-दुल्हन पक्ष के बीच चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो वायरल

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बड़गांव क्षेत्र के गांव कुतुबपुर माजरा निवासी अय्यूब उर्फ भूरा के बेटे फिरोज की बारात धूमधाम से पैलेस पहुंची थी. लेकिन मंगलवार को बाजार बंद होने की वजह से दूल्हा पक्ष कम गहने लेकर पहुंचा.

Street brawl in Saharanpur (Photo: Screengrab) Street brawl in Saharanpur (Photo: Screengrab)
हाइलाइट्स
  • मेहर की रकम को लेकर भी दोनों पक्ष आमने-सामने

  • पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र में बेहट रोड स्थित एक पैलेस में निकाह से ठीक पहले बड़ा बवाल हो गया. दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच गहनों और मेहर की रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, शादी की खुशियां पलभर में तनाव और अफरा-तफरी में बदल गईं.

कम गहने लेकर पहुंचा दूल्हा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बड़गांव क्षेत्र के गांव कुतुबपुर माजरा निवासी अय्यूब उर्फ भूरा के बेटे फिरोज की बारात धूमधाम से पैलेस पहुंची थी. लेकिन मंगलवार को बाजार बंद होने की वजह से दूल्हा पक्ष कम गहने लेकर पहुंचा. इसी बात पर दुल्हन पक्ष ने नाराजगी जताई और कहासुनी शुरू हो गई.

मेहर की रकम को लेकर भी दोनों पक्ष आमने-सामने
विवाद यहीं नहीं रुका, बल्कि मेहर की रकम को लेकर भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. कुछ ही देर में बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े. मौके पर मौजूद मेहमानों में हड़कंप मच गया और शादी समारोह रणभूमि में बदल गया.

मारपीट में घायल हुए दोनों पक्षों के लोग
मारपीट में दूल्हा पक्ष के दो युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया. पुलिस ने दूल्हे के भाई, दुल्हन के भाई समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मामले में अभी तहरीर का इंतजार है और जांच जारी है.

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, दोनों परिवारों के बीच समझौते की कोशिशें भी जारी हैं, ताकि मामला और न बिगड़े.

ये भी पढ़ें