scorecardresearch

AC Service: सीज़न से पहले ही करा लें सर्विस, होगी टाइम पर वो भी सस्ते में.. इन चीज़ों का मिलेगा फायदा

ऑफ-सीजन में एसी सर्विस कराने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि मैकेनिक के पास काम का दबाव कम होता है.

AC Service AC Service

अगर आपके घर में विंडो या स्प्लिट एसी लगा है, तो अब उसकी सर्विस करवाने का बिल्कुल सही समय आ गया है. उत्तर भारत में जल्द ही सर्दी कम होगी और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. ऐसे में 20 फरवरी से 20 मार्च के बीच का समय एसी की ऑफ-सीजन सर्विस के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. इस दौरान न सिर्फ आसानी से बुकिंग मिल जाती है, बल्कि सर्विस भी ज्यादा ध्यान से की जाती है.

ऑफ-सीजन में एसी सर्विस कराने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि मैकेनिक के पास काम का दबाव कम होता है. पीक सीजन में जहां एक मैकेनिक को रोज़ 10–15 घरों में जाना पड़ता है, वहीं फरवरी और मार्च में वह हर एसी को आराम से जांच सकता है. जल्दबाज़ी न होने की वजह से काम की क्वालिटी बेहतर रहती है और छोटी-छोटी समस्याएं भी नजर से नहीं चूकतीं.

बेहतर जांच और गहराई से सफाई
ऑफ-सीजन सर्विस के दौरान एसी की पूरी जांच होती हैं. ड्रेन पाइप की अच्छी तरह सफाई की जाती है, गैस प्रेशर चेक किया जाता है और कूलिंग कॉइल्स को भी सही तरीके से साफ किया जाता है. चूंकि अगले ग्राहक के पास भागने की जल्दी नहीं होती, इसलिए सर्विस ज्यादा ध्यान से की जाती है.

गर्मी के मौसम में अगर मैकेनिक यह कह दे कि एसी में गैस कम है, तो ग्राहक अक्सर बिना सवाल किए गैस भरवा लेता है क्योंकि उसे तुरंत ठंडी हवा चाहिए होती है. लेकिन ऑफ-सीजन में आप इस दावे को क्रॉस-चेक करवा सकते हैं. मैकेनिक के अनुसार, एसी की गैस तभी कम होती है जब कहीं लीकेज हो. फरवरी-मार्च में आप दूसरे मैकेनिक से जांच करवा कर सही फैसला ले सकते हैं.

कम खर्च में बेहतर सर्विस
ऑफ-सीजन में लगभग हर काम सस्ते में हो जाता है और एसी सर्विस भी इसका अपवाद नहीं है. चाहे आप ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मैकेनिक बुलाएं या लोकल सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क करें, इस समय कीमतें कम रहती हैं. अप्रैल-मई में यही सर्विस महंगी हो जाती है और काम भी जल्दबाज़ी में निपटाया जाता है. कई कंपनियां ऑफ-सीजन में डिस्काउंट भी देती हैं.

पार्ट्स आसानी से और सस्ते मिलते हैं
फरवरी और मार्च में एसी सर्विस का सीजन बस शुरू होता है, इसलिए अगर किसी पार्ट में खराबी निकलती है तो वह आसानी से मिल जाता है. मान लीजिए किसी पार्ट के लिए 2–4 दिन इंतजार भी करना पड़े, तो वह परेशानी नहीं बनता. वहीं पीक सीजन में यही इंतजार गर्मी में भारी पड़ सकता है, और पार्ट्स के दाम भी ज्यादा होते हैं.

कई लोग तब तक एसी की सर्विस नहीं कराते जब तक गर्मी पूरी तरह शुरू न हो जाए. कुछ लोग पहले एसी चलाकर देखते हैं और खराबी निकलने पर मैकेनिक ढूंढते हैं. ऐसे में न मैकेनिक तुरंत मिलता है और न ही खराब पार्ट्स आसानी से. ऑफ-सीजन सर्विस करवा कर आप अपने एसी को पूरे गर्मी के मौसम के लिए पहले से तैयार कर सकते हैं और अचानक आने वाली परेशानियों से बच सकते हैं.