Sweetest Mango in the World
Sweetest Mango in the World
आम को फलों का राजा कहा जाता है. पूरी दुनिया में आम की सैकड़ों किस्में पाई जाती हैं. सिर्फ हमारे देश में आम की 1500 से भी ज्यादा किस्में हैं. हर देश अपनी खास किस्म को पसंद करता है. भारत में लोग अल्फांसो, माल्दा, लंगड़ा, चौसा आम को बड़े ही चांव से खाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं दुनिया का सबसे मीठा आम कौन है? हमारे देश में अल्फांसो को सबसे मीठा आम माना जाता है लेकिन यह पूरी दुनिया में मिठास के मामले में पहले स्थान पर नहीं. दुनिया का सबसे मीठा आम कराबाओ (Carabao Mango) है. आम की यह प्रजाति फिलीपींस में होती है. आइए कराबाओ आम के बारे में जानते हैं.
कराबाओ आम
फिलीपींस का काराबाओ आम दुनिया की एकमात्र ऐसी किस्म है, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक तौर पर दुनिया का सबसे मीठा आम माना है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में साल 1995 काराबाओ आम को दुनिया में सबसे मीठी किस्म की आम के रूप में शामिल किया गया था. काराबाओ आम को फिलिपिनो मैंगो और मनीला मैंगो के नाम से भी जाना जाता है. काराबाओ में इतनी ज्यादा मिठास होती है जिसका मुकाबला कोई और आम नहीं कर सकता. आपको मालूम हो कि एक काराबाओ आम में सामान्य तौर पर करीब 15 ग्राम शुगर होती है, जो तीन से चार चम्मच के बराबर है. यदि यह आम बहुत अधिक पका है तो खाने पर और भी ज्यादा मीठा लगता है.
...तो यह चीज कराबाओ को बनाती है खास
कराबाओ आम को जो चीज खास बनाती है, वह है इसका हाई ब्रिक्स लेवल. यह फलों में शुगर की मात्रा मापने का एक स्टैंडर्ड तरीका है. कराबाओ आम का ब्रिक्स लेवल बहुत अधिक होता है. इसके चलते यह आम दूसरी किस्मों के मुकाबले काफी ज्यादा मीठा होता है. कराबाओ आम अपनी नेचुरल मिठास, चमकीले सुनहरे-पीले गूदे, बिना रेशे वाले टेक्सचर, शानदार ट्रॉपिकल खुशबू और रसीले लेकिन क्रीमी टेक्सचर के लिए मशहूर है.
सबसे मीठा आम हमेशा सबसे स्वादिष्ट आम नहीं
भारत के पसंदीदा अल्फोंसो से लेकर पाकिस्तान के मशहूर सिंधरी तक हर देश को अपनी खास किस्म के आमों पर गर्व होता है, जिनका स्वाद, बनावट और खुशबू अलग-अलग होती है. कुछ आमों में मिठास और खटास का बेहतरीन संतुलन होता है, जबकि कुछ आम मलाइदार और बहुत रसीले होते हैं. भले ही कराबाओ आम मिठास के मामले में सबसे आगे है, लेकिन आम की कई दूसरी किस्में भी अपनी मिठास के लिए जानी जाती हैं. मुख्य रूप से रत्नागिरी और कोंकण इलाके में उगाया जाने वाला अल्फोंसो आम अपनी मलाइदार बनावट और मिठास के लिए मशहूर है.
मलिहाबाद से आए दशहरी आमों में भीनी खुशबू और शहद जैसी मिठास होती है. चौंसा आम अपने रसीले गूदे और गहरी मिठास के लिए पसंद किए जाते हैं. दशहरी आम विशेषकर यूपी में पैदा होता है. यह आम भी काफी मीठा होता है. माल्दा आम बिहार में उगता है, जिसमे जरा भी रेशे नहीं होते. यह आम भी काफी मीठा होता है. अटौल्फो आम, जिन्हें अक्सर हनी मैंगो भी कहा जाता है, मेक्सिको की एक किस्म है जो अपनी मक्खन जैसी बनावट और भरपूर मिठास के लिए जानी जाती है. दिलचस्प बात यह है कि सबसे मीठा आम हमेशा सबसे स्वादिष्ट आम नहीं माना जाता है. आम का कुल आकर्षण कई बातों पर निर्भर करता है, जैसे कि उसकी खुशबू, बनावट, खटास का संतुलन, रसीलापन और स्वाद की विविधता. आपको मालूम हो कि अल्फोंसो आम अक्सर इसलिए पसंद किए जाते हैं क्योंकि उनमें मिठास के साथ-साथ एक खास खुशबू और हल्का खट्टापन भी होता है, जिससे उनका स्वाद संतुलित हो जाता है.