scorecardresearch

लगवाने जा रहे हैं CCTV तो इन बातों का रखें ध्यान, नहीं तो पड़ोसी पड़ेगा आप पर भारी.. हो सकती है कानूनी परेशानी

जिस रफ्तार के क्राइम बढ़ रहे हैं, उसको देखते हुए सीसीटीवी लगवाना कोई गलत कदम नहीं. लेकिन इसको कहां, किस जगह लगवाना है यह बड़ी बात है. इसको लगवाते समय आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए.

CCTV लगवाते समय रखें इन बातों का ध्यान CCTV लगवाते समय रखें इन बातों का ध्यान

आज के समय में घर की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरा लगाना आम बात हो गई है. इससे चोरी, तोड़फोड़ और गलत हरकतों पर नजर रखना आसान हो जाता है. लेकिन कैमरा लगाते समय सिर्फ सही जगह चुनना ही काफी नहीं है. अगर इसे गलत तरीके से लगाया गया, तो यह दूसरे लोगों की निजता में दखल माना जा सकता है और कानूनी परेशानी भी खड़ी हो सकती है. इसलिए कैमरा लगाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.

कैमरे का एंगल सही रखें

घर के बाहर CCTV लगाते समय कोशिश करें कि उसका फोकस केवल आपके घर, मुख्य गेट, पार्किंग या आपकी निजी प्रोपर्टी तक ही सीमित रहे. कैमरे का एंगल ऐसा न हो कि वह पड़ोसी के घर, गेट, खिड़की, बालकनी या उनके निजी हिस्से को रिकॉर्ड करे. ऐसा होने पर इसे किसी की प्राइवेसी का उल्लंघन माना जा सकता है.

ऑडियो रिकॉर्डिंग से बचें

आजकल कई CCTV कैमरे वीडियो के साथ आवाज भी रिकॉर्ड करते हैं. अगर कैमरा पड़ोसी की निजी बातचीत रिकॉर्ड करता है, तो यह भी निजता के अधिकार का उल्लंघन माना जा सकता है. इसलिए जरूरत न हो तो ऑडियो रिकॉर्डिंग वाला फीचर बंद रखना बेहतर माना जाता है.

पड़ोसी की सहमति है जरूरी

अगर आपके कैमरे की रेंज में पड़ोसी का घर या उसका कोई हिस्सा आ रहा है, तो पहले उनसे बात करें. जहां जरूरत हो, उनकी लिखित सहमति लेना भी समझदारी होगी. इससे फ्यूचर में किसी तरह के विवाद से बचा जा सकता है.

सुरक्षा के लिए लगाएं, जासूसी के लिए नहीं

CCTV का मकसद केवल अपने घर और परिवार की सुरक्षा होना चाहिए. किसी दूसरे व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने या उनकी निजी जिंदगी रिकॉर्ड करने के लिए कैमरा लगाना गलत माना जा सकता है. भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत हर व्यक्ति को निजता का अधिकार मिला हुआ है. यदि कैमरा किसी की निजी गतिविधियां रिकॉर्ड करता है, तो शिकायत होने पर कानूनी कार्रवाई, जुर्माना या गंभीर मामलों में अन्य दंड का सामना भी करना पड़ सकता है.