Car Parking Tips
Car Parking Tips
नौतपा की गर्मी में अगर आपकी कार खुली धूप में खड़ी रहती है, तो सिर्फ कार का बॉडी ही नहीं बल्कि उसका अगला शीशा और वाइपर भी बुरी तरह गर्म हो जाते हैं. कई लोग कार पार्क करते समय एक छोटी सी गलती कर देते हैं, जिसका नुकसान बाद में भारी खर्च के रूप में सामने आता है. दरअसल, धूप में कार पार्क करते समय वाइपर को कांच से ऊपर उठाकर रखना बहुत जरूरी माना जाता है.
तेज धूप में क्यों खराब हो जाते हैं वाइपर?
गर्मी के दिनों में कार का आगे का शीशा बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है. कई बार इसका तापमान 60 से 70 डिग्री तक पहुंच जाता है. ऐसे में वाइपर का रबड़ लगातार गर्म कांच से चिपका रहता है. इससे उसका रबड़ सख्त और खराब होने लगता है. बाद में जब आप वाइपर चलाते हैं, तो वह शीशे को ठीक से साफ नहीं कर पाता.
कांच पर पड़ सकते हैं निशान
जब गर्मी में वाइपर का रबड़ पिघलकर शीशे से चिपक जाता है और बाद में उसे चलाया जाता है, तो विंडशील्ड पर स्क्रैच पड़ सकते हैं. ये निशान रात के समय ज्यादा परेशानी पैदा करते हैं. सामने से आने वाली गाड़ियों की हेडलाइट इन स्क्रैच पर पड़कर फैल जाती है, जिससे ड्राइविंग मुश्किल हो सकती है.
मोटर और स्प्रिंग भी होती है खराब
अगर वाइपर गर्मी में कांच से चिपक जाए और आप अचानक उसे ऑन कर दें, तो वाइपर की मोटर पर जोर पड़ता है. इससे मोटर खराब हो सकती है या फ्यूज उड़ सकता है. लगातार गर्मी में दबे रहने से वाइपर की स्प्रिंग भी कमजोर हो जाती है, जिससे बाद में उसका दबाव कम हो जाता है.
कार को गर्मी से बचाने के तरीके
जब भी कार धूप में पार्क करें, तो खिड़कियों को थोड़ा सा खुला छोड़ दें ताकि अंदर की गर्म हवा बाहर निकलती रहे. इसके अलावा फ्रंट शीशे पर सनशेड जरूर लगाएं. अगर आप वाइपर उठाना नहीं चाहते, तो वाइपर और शीशे के बीच कपड़ा या कार्डबोर्ड रख सकते हैं. इससे दोनों सीधे संपर्क में नहीं आएंगे और नुकसान से बचाव होगा.