Woman Climbs Onto Husband’s Car
Woman Climbs Onto Husband’s Car
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी और कथित प्रेम प्रसंग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति को गांव की ही एक युवती के साथ कार में जाते हुए देख लिया. पति को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश में महिला ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग भी दंग रह गए. पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
पति का पीछा करते हुए कार तक पहुंची पत्नी
जानकारी के अनुसार, कटका रमन गांव निवासी नेत्रपाल अपनी कथित प्रेमिका के साथ कार में बैठकर जा रहा था. इसी दौरान देवचरा चौराहे पर अपने बच्चे के साथ खड़ी उसकी पत्नी ऊषा की नजर पति पर पड़ गई. पति को दूसरी महिला के साथ देखकर ऊषा कार के पीछे दौड़ पड़ी. वह किसी भी कीमत पर पति को रोककर उससे जवाब मांगना चाहती थी.
स्पीड ब्रेकर पर बोनट पर चढ़ गई पत्नी
बताया जा रहा है कि देवचरा फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर आने पर कार की रफ्तार धीमी हुई. इसी मौके का फायदा उठाकर ऊषा कार के सामने पहुंची और सीधे बोनट पर चढ़ गई. आरोप है कि इसके बावजूद नेत्रपाल ने कार नहीं रोकी और गाड़ी आगे बढ़ा दिया. महिला कई मीटर तक चलती कार के बोनट पर बैठी रही और मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही.
राहगीरों ने कार रुकवाई, पति की पिटाई
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए. कुछ बाइक सवारों ने कार के आगे गाड़ी लगाकर उसे रुकवाया. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने चालक नेत्रपाल को कार से नीचे उतार लिया और उसकी पिटाई कर दी. हालांकि मौके पर मौजूद भीड़भाड़ का फायदा उठाकर कथित प्रेमिका वहां से फरार हो गई.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद मामला भमोरा थाने पहुंच गया. पुलिस ने महिला की शिकायत पर दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर बातचीत की. महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
-कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें