scorecardresearch

पत्नी बना रही थी महुआ शराब...पति ने मना किया तो गुस्से में फेंक दिया खौलते चावल का पानी

त्नी को महुआ शराब बनाने से रोकना पति को भारी पड़ गया और गुस्से में आकर पत्नी ने उस पर खौलता हुआ माड़ (चावल का गर्म पानी) फेंक दिया.

Advertisement
Woman Throws Boiling Rice Water:AI Image Woman Throws Boiling Rice Water:AI Image

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में घरेलू विवाद का एक मामला हिंसक रूप ले बैठा. दरिमा थाना क्षेत्र में पत्नी को महुआ शराब बनाने से रोकना पति को भारी पड़ गया. गुस्से में आकर पत्नी ने पति पर खौलता हुआ माड़ फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

शराब बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक नवाबांध निवासी कन्नीलाल राजवाड़े (29) 29 अप्रैल की रात खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठा था. इसी दौरान उसने अपनी पत्नी रामबाई को महुआ शराब बनाना बंद करने के लिए कहा. इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति काबू से बाहर हो गई.

गुस्से में पत्नी ने फेंका खौलता माड़
बताया जा रहा है कि पति के बार-बार मना करने से नाराज होकर रामबाई ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया. उसने घर में रखा खौलता हुआ माड़ उठाकर सीधे पति के ऊपर फेंक दिया. गर्म माड़ गिरते ही कन्नीलाल दर्द से चिल्लाने लगा. इस हमले में उसके सीने, गर्दन और पीठ पर गंभीर जलन और फफोले पड़ गए.

गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे दरिमा अस्पताल ले जाया गया. हालत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है.

आरोपी पत्नी फरार, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित की शिकायत पर दरिमा थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 351(3) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद से ही रामबाई फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

-सुमित सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें