Dubai Woman Files Missing Complaint
Dubai Woman Files Missing Complaint
सतना में रिश्ते से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दुबई में रहने वाली एक महिला अपने पति को ढूंढते हुए सतना पहुंच गई. महिला का आरोप है कि उसका पति 31 जुलाई तक उसके साथ दुबई में रह रहा था, लेकिन इसके बाद अचानक बिना बताए वहां से सतना आ गया. महिला को जानकारी मिली कि उसका पति अपनी बहन के घर है, जहां उसकी सास समेत परिवार के अन्य लोग मौजूद हैं. महिला का दावा है कि पति को उससे छिपाकर रखा गया है और उसे मिलने भी नहीं दिया जा रहा. पति की तलाश और मामले में मदद की गुहार लेकर महिला ने सतना के महिला थाने में शिकायत दी है.
2020 से लिव-इन, 2025 में गुरुद्वारे में शादी
महिला की पहचान असविंदर कौर के रूप में हुई है. उसके मुताबिक वह और सुनील ठाकुर नवंबर 2020 से दुबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. करीब पांच साल साथ रहने के बाद दोनों ने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी की थी. असविंदर का कहना है कि शादी के बाद भी दोनों दुबई में साथ रह रहे थे और 31 जुलाई तक पति उसके साथ था. इसके बाद वह अचानक वहां से चला आया. महिला के मुताबिक उसे पति के सतना आने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह भी दुबई से सतना पहुंची और उसे तलाशने लगी.
महिला बोली- सास ने पति को छिपाकर रखा
असविंदर कौर का आरोप है कि सतना आने के बाद उसे पता चला कि सुनील अपनी बहन के घर पर है. महिला का दावा है कि उसकी सास सुनीता रोहरा भी वहीं मौजूद हैं और पति को उससे छिपाकर रखा गया है. महिला के मुताबिक परिवार की ओर से उसे पति से मिलने नहीं दिया जा रहा है. उसका कहना है कि ससुराल पक्ष यह कह रहा है कि सुनील उसके साथ नहीं रहना चाहता. हालांकि, महिला का दावा है कि वह अपने पति की कानूनी रूप से पत्नी है और वह अपने पति से मिलना चाहती है.
उम्र में 12 साल बड़ी, पहले भी हो चुका है तलाक
असविंदर ने बताया कि यह उनकी दूसरी शादी है. उनकी पहली शादी टूट चुकी है और तलाक हो चुका है. उन्होंने यह भी बताया कि वह अपने पति से करीब 12 साल बड़ी हैं. महिला के अनुसार उम्र का यह अंतर और उनकी पिछली शादी की पूरी जानकारी उन्होंने शादी से पहले पति और उसके परिवार को दे दी थी. इसके बावजूद दोनों ने शादी का फैसला लिया था. महिला का कहना है कि वह करीब 23 साल से दुबई में रह रही हैं और वहीं नौकरी करती हैं. पति के अचानक गायब होने के बाद वह उसे तलाशते हुए भारत आई हैं.
महिला थाने पहुंचकर पुलिस से लगाई मदद की गुहार
पति का पता लगाने के लिए असविंदर कौर ने महिला थाने में आवेदन दिया है. उन्होंने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर पति को तलाशने और उनसे मिलवाने में मदद की मांग की है. महिला ने कहा कि वह दुबई से भारत अपने पति को ढूंढने आई है और इस समय काफी परेशान है. एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि कोलार में एक महिला की शिकायत सामने आई है. महिला का कहना है कि उसका पति उसके साथ दुबई में रहता था और अब सतना आया हुआ है.
-वेंकटेश द्विवेदी की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें