उत्तराखंड के नैनीताल में प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस मेला लगा है. इस मौके पर सुबह से हजारों की संख्या भक्तों की भीड़ उमड़ रही है. श्रद्धालु दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं. कैंची धाम में विदेश भक्तों का भी जमावड़ा लगा है. भक्तों का विश्वास है कि बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है.
स्थापना दिवस के मौके पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं को एक विशेष तरह का प्रसाद बांटा जाता है. इस दिन मालपुए का प्रसाद बांटा जाता है. मालपुआ बाबा नीम करौली को बहुत पसंद था. इसलिए हर साल स्थापना दिवस पर भक्तों को मालपुए का प्रसाद बांटा जाता है.
कैंची धाम में हर साल 15 जून को भव्य मेले का आयोजन होता है. यह दिन कैंची धाम की स्थापना की याद में मनाया जाता है. साल 1964 में इस पावन धाम की स्थापना हुई थी.
स्थापना दिवस पर विशेष पूजा, हनुमान चालिसा का पाठ, भंडारे और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं.
बाबा नीम करौली महाराज देश के फेमस संतों में गिने जाते हैं. उनका जन्म उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में हुआ था. उनका असली नाम लक्ष्मी नारायण शर्मा था. बाद में उनको नीम करौली बाबा के नाम से जाना जाने लगा.