झांसी की आवास विकास कॉलोनी में इस बार गणेश विसर्जन की शोभायात्रा ने सभी का ध्यान खींचा. बुधवार को भगवान गणेश को महाराजा का शाही स्वरूप देकर रोल्स-रॉयस डिजाइनर कार पर विराजमान कराया गया. जैसे ही बप्पा की सवारी निकली, दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारे गूंजते रहे.
कॉलोनी के दिव्यांश साहू ने बताया कि यहां कई वर्षों से गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है. हालांकि, इस बार आयोजन को खास बनाने की तैयारी की गई थी. भगवान गणेश को महाराजा का स्वरूप देकर शोभायात्रा को ऐतिहासिक अंदाज देने का विचार किया गया. इसी के तहत बप्पा को रोल्स-रॉयस जैसी शाही कार पर विराजमान कराया गया.
शाही कार पर विराजमान भगवान गणेश का यह रूप देखने के लिए शहरभर से लोग पहुंचे. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोग शोभायात्रा में शामिल हुए. पूरे रास्ते डीजे-बैंड और ढोल की गूंज सुनाई देती रही, जबकि श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर बप्पा का स्वागत किया.
गणेश भक्त दिव्यांश साहू ने कहा, 'मैं अपने बप्पा को महाराजा के रूप में रोल्स-रॉयस कार, जो महाराजाओं की पहचान है, विसर्जन के लिए लेकर जा रहा हूं. आप देख सकते हैं, सभी भक्तों में कितना उत्साह है.' वहीं, गणेश भक्त महक ने कहा कि आज गणेश जी का विसर्जन है और उन्हें शाही अंदाज में लेकर जाया जा रहा है. उनके मुताबिक, यह गाड़ी राजाओं की पहचान है, इसलिए बप्पा को इसी अंदाज में विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा है.
झांसी की आवास विकास कॉलोनी की यह शोभायात्रा सिर्फ गणेश विसर्जन तक सीमित नहीं रही. इसमें श्रद्धालुओं का सामूहिक उत्साह, वर्षों पुरानी परंपरा और इस बार किया गया नया प्रयोग एक साथ नजर आया. महाराजा के स्वरूप में सजे बप्पा और रोल्स-रॉयस डिजाइनर कार पर निकली सवारी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी.