scorecardresearch

Akshaya Tritiya 2026 Shubh Muhurat: 19 अप्रैल को है अक्षय तृतीया, जानें इस दिन कितने घंटे तक खरीदारी के लिए रहेगा शुभ मुहूर्त और सोना खरीदने का सबसे अच्छा समय क्या?

Akshaya Tritiya Gold Buying Shubh Muhurat 2026: इस साल 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है. इस दिन सोना-चांदी, वाहन और संपत्ति की खरीदारी शुभ मानी जाती है. यहां आप जान सकते हैं अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदने के लिए सबसे शुभ मुहूर्त क्या है?

Akshaya Tritiya Gold Buying Shubh Muhurat 2026 Akshaya Tritiya Gold Buying Shubh Muhurat 2026

हर साल वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाता है. हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया को बेहद शुभ माना जाता है. इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की आराधना की जाती है. इस दिन सोना-चांदी की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है. इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल दिन रविवार को है. यहां आप जान सकते हैं अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदने के लिए सबसे शुभ मुहूर्त क्या है? आप अक्षय की तृतीया के दिन सिर्फ सोना ही नहीं बल्कि अन्य चीजों की भी खरीदारी कर सकते हैं.

अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का क्या है शुभ मुहूर्त 
ज्योतिष के मुताबिक अक्षय तृतीया पर पूरे दिन अबूझ मुहूर्त रहता है. इस दिन बिना किसी विशेष मुहूर्त देखे भी खरीदारी की जा सकती है.हिंदू पंचाग के अनुसार अक्षय तृतीया की तिथि 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे से शुरू होकर 20 अप्रैल 2026 को सुबह 7:27 बजे तक रहेगी. 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदने का सबसे शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 49 मिनट के बाद पूरे दिन रहेगा. इतना ही नहीं 20 अप्रैल को सुबह 5 बजकर 51 मिनट से सुबह 7 बजकर 27 मिनट तक भी सोना खरीदने के लिए शुभ समय रहेगा. ऐसे में इस बार सोना खरीदारी के लिए लंबा समय मिल रहा है. इसके अलावा खरीदारी के लिए चौघड़िया मुहूर्त भी है.

19 अप्रैल को चौघड़िया मुहूर्त में कब करें खरीदारी
1. सुबह का समय (चर, लाभ, अमृत): 10:49 बजे से 12:20 बजे तक. 
2. दोपहर का समय (शुभ): दोपहर 1:58 बजे से दोपहर 3:35 बजे तक. 
3. शाम का समय (शुभ, अमृत, चर): शाम के समय 6:49 बजे से रात 10:57 बजे तक. 

अक्षय तृतीया के दिन क्यों खरीदते हैं सोना 
अक्षय का मतलब होता है, जो कभी खत्म न हो. ऐसी मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन किया गया काम, खरीदी या निवेश हमेशा बढ़ता रहता है. ऐसे में अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना बेहद शुभ माना जाता है, क्योंकि यह धन और समृद्धि का प्रतीक है. अक्षय तृतीया के दिन खरीदा गया सोना घर में धन और खुशहाली लाता है.  सोना कि खरीदारी करने से पहले इसकी शुद्धता और कीमत की जांच जरूर करें.

अक्षय तृतीया के दिन इन चीजों को खरीदना भी होता है शुभ
अक्षय तृतीया के दिन सिर्फ सोना खरीदना ही शुभ नहीं माना जाता बल्कि इस दिन आप कई और चीजों की खरीदारी भी कर सकते हैं. इस दिन चांदी खरीद सकते हैं. इस दिन पीतल और कांसे के बर्तन, भूमि, भवन या वाहन, नए कपड़े, किताबें, फर्नीचर, घरेलू सामान, पूजा सामग्री और मंदिर की वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है. आप इस दिन धनिया के बीज, चावल, घी, मिट्टी का घड़ा, दीये, गमले, मिट्टी के बर्तन और छोटी मूर्तियां खरीद सकते हैं. आप इस दिन सोना-चांदी की जगह नमक की भी खरीदारी कर सकते हैं. शास्त्रों के अनुसार नमक खरीदने से नकारात्मकता और दरिद्रता दूर होती है. साथ ही घर में सकारात्मकता का संचार होता है. इसके साथ ही मां लक्ष्मी अपनी कृपा बनाए रखती हैं और सुख-समृद्धि बनी रहती है. आप इस दिन दक्षिणावर्ती शंख भी खरीद सकते हैं.