scorecardresearch

भक्ति का अनूठा रंग... बद्रीनाथ में ऑरेंज अलर्ट फिर भी उमड़ रहीं श्रद्धालुओं की भीड़, प्रशासन सतर्क

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पूरे शबाब पर है. बद्रीनाथ धाम में मौसम विभाग द्वारा 12 और 13 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा है.

बद्रीनाथ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ बद्रीनाथ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मई का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ भी तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है. हर तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है. हालांकि मौसम विभाग ने इसाके में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, बावजूद इसके चारधाम यात्रा के साथ ही बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. हर दिन 15 हजार से ज्यादा यात्री भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. अब तक करीब 2 लाख 84 हजार श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आज यह आंकड़ा 3 लाख के पार पहुंच सकता है.

23 अप्रैल को खुले थे कपाट
इस साल बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे. कपाट खुलने के बाद से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. कुछ ही दिनों में लाखों लोग भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. पहाड़ों के बीच चमचमाती गाड़ियों की लाइटें यात्रा की बढ़ती रफ्तार की तस्वीर बयां कर रही हैं. वहीं धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह भी देखते ही बन रहा है.

श्रद्धालु व्यवस्थाओं से दिखे संतुष्ट
रोजाना हजारों श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं. यात्रा के दौरान कई श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को लेकर संतोष भी जताया है. दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के चेहरे पर अलग ही सुकून और खुशी देखने को मिल रही है. धाम में सुरक्षा, आवागमन और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

माणा गांव में भी बढ़ी रौनक
बद्रीनाथ धाम के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश के पहले गांव माणा का भी रुख कर रहे हैं. इन दिनों माणा गांव में भी यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है. हालांकि लगातार बदलते मौसम की वजह से यहां ठंड और बारिश का असर बढ़ गया है. ऐसे में माणा में गरम कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है. यात्री मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों की खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं.

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन सतर्क
मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए पहाड़ी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसे देखते हुए चमोली जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सावधानी के साथ यात्रा करने की सलाह दी है. बारिश और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की गई है. साथ ही आपदा प्रबंधन केंद्रों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि प्रशासन का कहना है कि यात्रा फिलहाल सुरक्षित तरीके से जारी है और मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है.

(रिपोर्ट- कमलनयन सिलोड़ी)

ये भी पढ़ें